रीवा। Nishaanebaz.com-Gandhi Memorial Hospital Controversy: मध्य प्रदेश के रीवा स्थित संजय गांधी एवं गांधी स्मारक चिकित्सालय (GMH) में नियमों की धज्जियां उड़ाने का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहुचर्चित ‘कल्पना जच्चा-बच्चा कांड’ के बाद ओटी (OT) का वीडियो वायरल होने पर अस्पताल प्रबंधन ने परिसर में वॉर्डों के भीतर कैमरों और मोबाइल के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का फरमान जारी किया था। लेकिन हद तो तब हो गई जब अस्पताल की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली हाइट्स कंपनी की एक महिला सुरक्षाकर्मी ने ही पोस्ट नेटल वार्ड के भीतर रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया और प्रबंधन को खुली चुनौती दे डाली।
‘सेल्फी गर्ल 567’ इंस्टा आईडी पर अपलोड हुआ वीडियो
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वीडियो 21 से 27 सितंबर के बीच वार्ड के भीतर शूट किया गया था, जिसे बाद में ‘सेल्फी गर्ल 567’ (Selfie Girl 567) नामक इंस्टाग्राम आईडी पर शेयर किया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग अस्पताल प्रबंधन के लचर नियमों और सुरक्षा व्यवस्था का जमकर मजाक उड़ाने लगे। वीडियो में दिखने वाली महिला सुरक्षाकर्मी की पहचान मालती सिंह के रूप में बताई गई है, जो हाइट्स सुरक्षा एजेंसी के तहत अस्पताल में तैनात है। एक तरफ जहां प्रबंधन ने अस्पताल परिसर में वीडियो बनाने और रील शूट करने पर सख्त पाबंदी लगा रखी है, वहीं सुरक्षाकर्मी द्वारा ही नियमों का इस तरह सरेआम माखौल उड़ाया जाना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।
जनसंपर्क अधिकारी बोले—”नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई”
पूरे मामले के तूल पकड़ने के बाद संजय गांधी अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अतुल सिंह ने मीडिया के सामने आकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने पुष्टि की है कि वीडियो में नजर आने वाला वार्ड और क्षेत्र जीएमएच (GMH) का ही है तथा वीडियो बनाने वाली सुरक्षाकर्मी मालती सिंह है।
रीवा GMH के पोस्ट नेटल वार्ड में महिला सुरक्षाकर्मी की रील वायरल। अस्पताल प्रबंधन ने नियमों के उल्लंघन पर संबंधित सुरक्षाकर्मी और एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
#रीवा #जीएमएच #अस्पताल #Rewa #ViralVideo #Nishaanebaz https://t.co/KDRRQhIHwU
— Nishaanebaz.com (@nishaanebaz_com) October 18, 2026
डॉ. अतुल सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि जिस तरह से महिला सुरक्षाकर्मी ने अस्पताल के नियमों और आदेशों की अवहेलना की है, उसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रबंधन इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है और संबंधित सुरक्षाकर्मी तथा एजेंसी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।