Dhar Illegal Cannabis Farming Busted: कपास और तुअर की फसलों के बीच लहलहा रही थी गांजे की अवैध खेती, धार पुलिस ने 4.43 करोड़ का माल किया बरामद

VIKASH KHALKHO

धार। Nishaanebaz.com-Dhar Drug Crackdown: मध्य प्रदेश में नशा माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धार पुलिस ने एक बेहद सनसनीखेज और बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चौबारा के बीहड़ वन क्षेत्र में कपास और तुअर दाल की फसलों की आड़ में की जा रही गांजे की बड़े पैमाने पर खेती का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने मौके से करीब 4.43 करोड़ रुपये कीमत के 3,345 गांजे के पौधे जब्त कर नष्ट कर दिए हैं।

दो दिनों तक चला सघन चेकिंग अभियान, 3,695 किलो वजनी फसल जब्त

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 13 अक्टूबर को राजगढ़ पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि धार-झाबुआ जिले के सीमावर्ती वन क्षेत्र में खेती की आड़ में गांजे के पौधे उगाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एएसपी पारुल बेलापुरकर के निर्देशन और थाना प्रभारी समीर पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जंगल में दबिश दी।

पुलिस टीम ने लगातार दो दिनों तक सघन चेकिंग अभियान चलाकर गांजे के 3 हजार 345 हरे-भरे पौधों को उखाड़कर जब्त किया। ज़ब्त किए गए गांजे का कुल वजन 3 हजार 695 किलोग्राम आंका गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 43 लाख रुपये बताई जा रही है।

Read More : Rewa News: मनरेगा में बड़ा फर्जीवाड़ा! गौशाला बनी नहीं, 20 लाख से ज्यादा का भुगतान, EOW ने 6 लोगों पर दर्ज की FIR

मुख्य आरोपी राजू भूरिया फरार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

मामले का मुख्य आरोपी राजू भूरिया पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। इसके साथ ही इस बात की भी गहनता से जांच की जा रही है कि इतने बड़े पैमाने पर उगाया जा रहा गांजा कहां-कहां सप्लाई किया जाना था और इस नेटवर्क में कौन-कौन से बड़े तस्कर शामिल हैं।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देश पर चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में सफलता पूर्वक अंजाम दी गई। धार पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *