रायपुर। Nishaanebaz.com-Shoaib Dhebar Lookout Circular: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चर्चित 25 करोड़ रुपये की रंगदारी और जान से मारने की धमकी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी शोएब ढेबर की मुश्किलें और अधिक बढ़ गई हैं। आरोपी के देश छोड़कर विदेश फरार होने की आशंका को पुख्ता मानते हुए रायपुर पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है। इससे पहले पुलिस उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर चुकी है।
विदेशी व्हाट्सएप नंबर से मांगी गई थी 25 करोड़ की रंगदारी यह पूरा सनसनीखेज मामला कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से जुड़ा है। सितंबर महीने में आनंद कुकरेजा को एक विदेशी व्हाट्सएप नंबर से धमकियां मिली थीं। आरोप है कि इन संदेशों में कुख्यात लौरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल करते हुए 25 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती की मांग की गई थी। साथ ही रकम न देने पर कुकरेजा परिवार को जान से खत्म करने की धमकी दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की, जिसमें कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर का नाम सामने आया था।
जमानत के बाद से फरार है आरोपी, पुलिस ने कसी कमर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पहले शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया था, हालांकि बाद में उसे न्यायालय से जमानत मिल गई थी। इसके बाद जब पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और दोबारा पूछताछ के लिए उसकी तलाश शुरू की, तो वह पुलिस की पकड़ से दूर हो गया।
लगातार तलाश के बाद भी जब आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला और उसके देश छोड़कर भागने की आशंका प्रबल हो गई, तब पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया। इस कदम से अब आरोपी की किसी भी एयरपोर्ट या अंतरराष्ट्रीय सीमा से देश छोड़ने की कोशिश पर तुरंत रोक लगाई जा सकेगी और पुलिस व आव्रजन अधिकारियों को अलर्ट मिल सकेगा। रायपुर पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले में आगे की जांच और धरपकड़ की कार्रवाई में जुटी हुई है।
