CG News:फकरे आलम खान\बचेली। असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व इस वर्ष 20 अक्टूबर 2026 को बचेली में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। एनएमडीसी प्रबंधन एवं छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति बचेली के संयुक्त आयोजन में होने वाले दशहरा पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। यह आयोजन का 49वां वर्ष है और समिति की ओर से इसे भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है।
समिति के महासचिव महेंद्र कुमार साहू ने बताया कि दशहरा आयोजन की तैयारियां करीब एक महीने से चल रही हैं और अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। केन्द्रीय विद्यालय मैदान में होने वाले मुख्य आयोजन को लेकर मैदान की साफ-सफाई, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं का काम तेजी से किया जा रहा है।
पुतला और आकर्षक झांकी का निर्माण जारी
दशहरा पर्व के लिए पुतला निर्माण का काम भी तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही मैदान में आकर्षक झांकी तैयार की जा रही है। समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं और सभी सदस्य अपने-अपने काम में जुटे हुए हैं।पुतला निर्माण की जिम्मेदारी संभाल रहे समिति के सदस्यों में अखिलेश वर्मा, दिलीप चिराम, भुनेश नेताम, रामेश्वर चिराम, नोहर साहू, तिलक, महेंद्र, नरेंद्र वर्मा, इंद्रजीत और हेमंत सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। वहीं झांकी निर्माण का कार्य सुरेश कुमार, कलाम सिंग समेत अन्य सदस्यों द्वारा किया जा रहा है।
हॉकी मैदान में होगी वाहनों की पार्किंग
पिछले वर्ष की तरह इस बार भी दशहरा आयोजन में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था हॉकी मैदान में रखी जाएगी। इससे मुख्य आयोजन स्थल पर भीड़ और यातायात के दबाव को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
केन्द्रीय विद्यालय मैदान में लगने वाली दुकानों के लिए मार्किंग और आबंटन का काम 18 अक्टूबर से शुरू किया जाएगा। मेले में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुकान और अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित तरीके से तैयार किया जा रहा है।
रामलीला और सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी तैयारी
दशहरा पर्व के दौरान मंचीय कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। रामलीला के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी भी अंतिम चरण में है। समिति की ओर से कोशिश की जा रही है कि लोगों को धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनोरंजन का भी अवसर मिले।
इस बार आतिशबाजी को लेकर भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। शासन के नियमानुसार ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल के साथ डिजिटल आतिशबाजी पर विशेष जोर दिया जाएगा। आयोजन समिति का कहना है कि सुरक्षा और पर्यावरण संबंधी नियमों का पालन करते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा।दशहरा पर्व के आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सभी सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। आयोजन समिति और एनएमडीसी प्रबंधन की तैयारियों के बीच बचेली में दशहरा पर्व को लेकर लोगों में भी उत्साह नजर आने लगा है।






