Monday, October 5, 2026
Home Chhattisgarh Surajpur Crime: महिला पर ‘टोनही’ होने का आरोप लगाकर बर्बरता, निर्वस्त्र कर...

Surajpur Crime: महिला पर ‘टोनही’ होने का आरोप लगाकर बर्बरता, निर्वस्त्र कर पेड़ से बांधकर पीटा; 4 आरोपी गिरफ्तार

Surajpur Crime
Surajpur Crime

Surajpur Crime: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में टोनही होने का आरोप लगाकर 40 वर्षीय महिला के साथ बर्बरता किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर रंजिश के चलते पड़ोस में रहने वाली महिलाओं ने पीड़िता से गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद महिला को निर्वस्त्र कर पेड़ से बांध दिया गया और जमकर पीटा गया। घटना में महिला के सिर, कमर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में चार महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जमीन विवाद को लेकर रंजिश

मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर सोरीपारा गांव का है। पुलिस के अनुसार, गोंड समाज की 40 वर्षीय बजारो बाई शनिवार सुबह अपने घर की बाड़ी में उड़द तोड़ रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली धनमतिया वहां पहुंची और महिला पर टोनही होने का आरोप लगाते हुए कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज करने लगी। कुछ देर बाद उसकी बहू और दो अन्य महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं।

निर्वस्त्र कर पेड़ से बांधकर मारपीट

आरोप है कि चारों महिलाओं ने पीड़िता के साथ मारपीट की और उसे निर्वस्त्र कर पेड़ से बांध दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ बर्बरता की गई। घटना के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद पीड़िता को पेड़ से खोलकर मुक्त कराया गया। मारपीट में उसके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।

Surajpur Crime: शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

Surajpur Crime: घटना के बाद पीड़िता के पति ने रामानुजनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 76, 127(2), 296, 351(3), 115(2), 3(5) और टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और घटना में शामिल चारों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 19 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले की जांच जारी है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here