Durg News: दुर्ग। नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में मंगलवार को टेंडर प्रक्रिया और शहर की व्यवस्थाओं को लेकर जमकर बहस हुई। 5.22 करोड़ रुपए के सड़क निर्माण टेंडर को लेकर भाजपा पार्षदों के बीच करीब दो घंटे तक तीखी चर्चा चली। इस दौरान सत्ता पक्ष के कुछ पार्षदों ने महापौर अल्का बाघमार से भी सवाल किए।
साइंस कॉलेज के पास से कैनाल रोड होते हुए दुर्ग रेलवे स्टेशन तक सड़क के डामरीकरण के लिए 5 करोड़ 22 लाख रुपए का टेंडर प्रस्तावित है। बैठक में पार्षदों ने टेंडर प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। चर्चा के दौरान यह बात सामने आई कि संबंधित टेंडर पहले चार बार निरस्त हो चुका है।
कुछ भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि टेंडर बार-बार पिता-पुत्र को ही मिल रहा है। इसी मुद्दे पर सदन में लंबी बहस हुई। वहीं कुछ पार्षदों ने टेंडर को बहुमत के आधार पर आगे बढ़ाने की बात कही।
शहर की व्यवस्थाओं पर भी पार्षदों ने उठाए सवाल
सामान्य सभा में स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति, सड़कों की स्थिति और सफाई व्यवस्था को लेकर भी पार्षदों ने सवाल उठाए। पार्षदों का कहना था कि कई वार्डों में विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहे हैं और उन्हें अपने क्षेत्रों में जनता के सवालों का सामना करना पड़ रहा है।
पद्मनाभपुर वार्ड के भाजपा पार्षद संजय अग्रवाल ने हर दो महीने में सामान्य सभा आयोजित करने के आश्वासन को लेकर भी सवाल उठाया। बैठक के दौरान कुछ पार्षदों ने वार्डों की समस्याओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
महापौर ने टेंडर प्रक्रिया पर दी सफाई
Durg News: टेंडर को लेकर उठे सवालों पर महापौर अल्का बाघमार ने प्रक्रिया का बचाव किया। उन्होंने कहा कि 10 लाख रुपए से अधिक के टेंडर ऑनलाइन जारी किए जाते हैं और इसमें कोई भी पात्र व्यक्ति या एजेंसी भाग ले सकती है। उन्होंने पार्षदों से टेंडर प्रक्रिया को समझने की बात कही। सामान्य सभा में हुई लंबी बहस के दौरान सड़क निर्माण के टेंडर के साथ-साथ शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं और निगम के कामकाज को लेकर भी कई सवाल सामने आए।






