Baloda Bazar News: बलौदाबाजार। बस स्टैंड में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बस चालक-परिचालक संघ ने अचानक बसों का संचालन बंद कर दिया। सभी बसों को स्टैंड में खड़ा कर चालक-परिचालक आंदोलन पर बैठ गए। बसों के अचानक बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि सुबह राधेश्याम बस सर्विस के चालक राधेलाल बांधे के साथ सवारी बैठाने को लेकर एक ऑटो चालक से विवाद हो गया। आरोप है कि ऑटो चालक ने बस चालक के साथ मारपीट कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथियों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया।
घटना के बाद बस चालक-परिचालकों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बसों का संचालन बंद कर दिया। संघ का आरोप है कि बस स्टैंड में ऑटो चालकों की मनमानी लगातार बढ़ रही है और आए दिन विवाद व मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं।
बस चालक संघ ने रखी दो प्रमुख मांगें
बस चालक-परिचालकों की मांग है कि मारपीट की घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही ऑटो चालकों के लिए बस स्टैंड से अलग स्थान पर स्टैंड बनाया जाए और ऑटो को बस स्टैंड परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाए।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस, आरटीओ अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बस चालक-परिचालकों से बातचीत कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन संघ अपनी मांगों पर अड़ा रहा। प्रशासन और संघ के बीच हुई बातचीत फिलहाल किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
व्यापारियों और बस संचालकों ने दिया समर्थन
Baloda Bazar News: बस चालक संघ के सलीम खान ने कहा कि जब तक ऑटो चालकों के लिए अलग स्टैंड की व्यवस्था नहीं की जाती और साथी चालक पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक बसों का संचालन शुरू नहीं किया जाएगा। बस चालकों की मांग का बस संचालकों ने भी समर्थन किया है। वहीं, बस स्टैंड के व्यापारियों ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। फिलहाल बसों का संचालन प्रभावित है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।






