Gariaband News:गरियाबंद। जिले के देवभोग तहसील में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हालात बिगड़ गए हैं। क्षेत्र में 320 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। नदी-नाले उफान पर हैं और करीब 40 गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। कई घरों में पानी घुस गया है, खेत जलमग्न हो गए हैं और कुछ मकानों के क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं अमलीपदर तहसील में सुखतेल नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद बाढ़ में फंसे 102 लोगों को नगर सैनिकों की रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।
लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर
भारी बारिश के कारण बेलाट नाला और मुंगिया नाला उफान पर हैं। तेल नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है। नदी और नालों का पानी खेतों में भरने से फसलें डूब गई हैं। सेनमुड़ा घाट के एप्रोच मार्ग पर करीब 4 फीट तक पानी बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। लगातार बिगड़ते हालात ने वर्ष 2016 की भीषण बाढ़ की याद ताजा कर दी है।
तहसीलदार ने प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
देवभोग तहसीलदार सुशील कुमार भोई ने शुक्रवार सुबह प्रशासनिक टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि जिन इलाकों में टीम पहुंच सकती है, वहां पटवारियों के साथ स्थिति का आकलन किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में रास्ते बंद हैं, वहां कोटवार और पटेलों को अलर्ट किया गया है।
प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से नदी-नालों के तेज बहाव से दूर रहने और सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर नियमानुसार क्षतिपूर्ति के प्रकरण तैयार किए जाएंगे।
सुखतेल नदी में फंसे 102 लोगों का रेस्क्यू
अमलीपदर में शुक्रवार सुबह सुखतेल नदी का जलस्तर बढ़ने से स्थिति गंभीर हो गई। नदी का पानी अमलीपदर के आश्रित बहरपारा सहित आसपास के इलाकों तक पहुंच गया। इससे खेत-खलिहान और बस्तियां चारों ओर पानी से घिर गईं।
ग्रामीणों की सूचना के बाद तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने जिला प्रशासन से संपर्क किया। इसके बाद नगर सैनिकों की बचाव टीम को मौके पर भेजा गया। करीब 5 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाढ़ में फंसे 102 लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।
200 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप
भारी बारिश के बीच बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। इंदागांव स्थित 132 केवी सब-स्टेशन के आसपास पेड़ गिरने और बिजली के तार टूटने से गुरुवार रात से करीब 200 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित है।
Gariaband News:शुक्रवार सुबह से सहायक यंत्री हेमंत नागवंशी के नेतृत्व में 30 से अधिक कर्मचारियों की टीम बिजली बहाली के काम में जुटी है। लगातार बारिश, जंगल और कई जगह टूटे बिजली के खंभों के कारण मरम्मत कार्य में दिक्कत आ रही है। बिजली विभाग के अनुसार मेन लाइन के साथ सहायक लाइनों में भी खराबी आई है। फिलहाल मेन लाइन को दुरुस्त करने को प्राथमिकता दी जा रही है। अब तक 6 से अधिक स्थानों पर फॉल्ट ठीक किए जा चुके हैं, जबकि अन्य स्थानों पर खराबी तलाशने और बिजली बहाल करने का काम जारी है।






