Chhattisgarh Rain: रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही तेज बारिश ने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। रायपुर, गरियाबंद, बस्तर, सुकमा और बीजापुर समेत कई क्षेत्रों से बारिश के बाद मुश्किल हालात सामने आए हैं।
रायपुर में रातभर हुई बारिश के बाद सुंदर नगर, महादेवघाट रोड और विधानसभा क्षेत्र की कई कॉलोनियों में पानी भर गया। वहीं जगदलपुर के गंगा मुंडा समेत निचली बस्तियों में नालियां जाम होने से सड़कों और घरों तक पानी पहुंच गया है।
सुकमा और बीजापुर में कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात
दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के कारण सुकमा और बीजापुर के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई जगह पानी भरने से गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद नदी किनारे और निचले इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
गरियाबंद में 200 मिमी से ज्यादा बारिश
गरियाबंद जिले में पिछले 24 घंटे में 200 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने 10 साल पहले आई बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका के बीच निगरानी बढ़ा दी है।
सिकासार बांध से छोड़ा जा रहा पानी
गरियाबंद के सिकासार बांध से सुरक्षा की दृष्टि से करीब 15,500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते नदी-नालों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश के कारण गरियाबंद और कांकेर में आज से शुरू होने वाली त्रैमासिक परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। वहीं बस्तर जिले में लगातार बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
लैंडस्लाइड से 2 ट्रेनें रद्द, फ्लाइट भी कैंसिल
बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन की वजह से किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की दो ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसके अलावा जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी कैंसिल कर दी गई है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
28 जिलों में मौसम का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में ऑरेंज और 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है, जबकि यलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक के आसार हैं।
Chhattisgarh Rain: अगले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।







[…] Chhattisgarh Rain: छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर! गां… […]