Betul News: बैतूल जनपद की खेड़ी सांवलीगढ़ पंचायत में भ्रष्टाचार चरम पर, सरपंच पति और जनपद सदस्य पति मिलकर करने में लगे है लाखों की बंदरबांट,10 लाख की पुलिया के बेस में भरा ईंट का बुरादा, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
Betul News: बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की बैतूल जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत खेड़ी सांवलीगढ़ में निर्माण कार्यों में भारी भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच पति जनपद सदस्य पति के साथ मिलकर बिना सूचना पटल और बिना तकनीकी स्वीकृति के मनमर्जी से निर्माण कार्य करवा रहा है, जिसमें लाखों रुपये की बंदरबांट हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में बनाई गई करीब 10 लाख रुपये लागत की पुलिया में घटिया मटेरियल का उपयोग किया गया है। आरोप है कि पुलिया के बेस में गिट्टी और सीमेंट की जगह ईंट का बुरादा भर दिया गया है। वहीं सड़क निर्माण में भी मानकों की अनदेखी की जा रही है। सड़क की मोटाई 4 इंच से भी कम है, जो कुछ ही दिनों में उखड़ने लगी है।
सबसे बड़ी बात यह है कि किसी भी निर्माण स्थल पर सूचना पटल नहीं लगाया गया है। न कार्य का नाम, न लागत, न एजेंसी का उल्लेख है, जिससे ग्रामीणों को यह तक पता नहीं चल रहा कि कौन सा काम किस मद से और कितनी राशि से हो रहा है।
Betul News: ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कलेक्टर से की थी, जिस पर कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि सभी निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कराई जाए, सैंपल लिए जाएं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पंचायत के पिछले दो वर्षों के सभी निर्माण कार्यों का ऑडिट कराया जाए। अब देखना यह होगा कि कब तक जांच पूरी हो पाएगी और दोषियों पर कार्यवाही होगी।






