Sunday, September 20, 2026
Home Chhattisgarh Raipur Teacher Murder: 30 लाख के लेन-देन में साथी शिक्षक की हत्या!...

Raipur Teacher Murder: 30 लाख के लेन-देन में साथी शिक्षक की हत्या! जंगल में हथौड़े से किया हमला

Raipur Teacher Murder: निशानेबाज न्यूज़ डेस्क- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे आरंग इलाके में दोस्ती और भरोसे को झकझोर देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 30 लाख रुपए के लेन-देन के विवाद में एक शिक्षक ने अपने ही साथी शिक्षक की हत्या कर दी। आरोपी ने कथित तौर पर पहले साथी को स्कूटी पर बैठाया और फिर सुनसान इलाके में ले जाकर हथौड़े और धारदार हथियार से हमला कर दिया।पुलिस ने मामले में आरोपी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान CCTV फुटेज और शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट से पुलिस को कई अहम सुराग मिले। पूछताछ में आरोपी द्वारा हत्या की बात स्वीकार करने का पुलिस ने दावा किया है।

मामला 17 सितंबर 2026 को सामने आया। आरंग पुलिस को ग्राम बनचरौदा के पास महानदी के तट पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी।पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले। मृतक की पहचान 46 वर्षीय शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई। वह ग्राम रामपुर डंगनिया, थाना गोबरा नवापारा का रहने वाला था और पेशे से शिक्षक था।शुरुआत में पुलिस ने मामले को संदिग्ध मौत मानकर जांच शुरू की। चोटों के निशान सामने आने के बाद हत्या की दिशा में जांच आगे बढ़ाई गई।

CCTV और VSK ऐप से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिवकुमार और चंद्रप्रकाश वर्मा दोनों ग्राम कुम्हारी के एक ही स्कूल में शिक्षक थे। ग्रामीणों से पूछताछ में जानकारी मिली कि शिवकुमार को आखिरी बार चंद्रप्रकाश के साथ सफेद स्कूटी पर बनचरौदा की तरफ जाते देखा गया था।इसके बाद पुलिस ने स्कूल के CCTV फुटेज और शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट की जांच की। पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 9 बजे चंद्रप्रकाश स्कूल पहुंचा था।इसके बाद वह मोबाइल की लोकेशन बंद कर निजी काम का हवाला देकर स्कूल से बाहर चला गया। पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद वह करीब 1 बजे स्कूल वापस आया और एक अन्य शिक्षक के मोबाइल से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।इस जानकारी ने पुलिस का शक और मजबूत कर दिया।

30 लाख रुपए के लेन-देन से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर चंद्रप्रकाश ने हत्या की बात स्वीकार की। पूछताछ में दोनों शिक्षकों के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन की बात सामने आई।आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह और शिवकुमार पिछले करीब चार साल से रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग से जुड़े थे। चंद्रप्रकाश का दावा है कि उसने शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपए उधार दिए थे।इसके बदले शिवकुमार ने उसे ग्रामीण बैंक के तीन खाली चेक दिए थे। आरोपी के अनुसार, वह इस रकम पर हर महीने ब्याज लेता था, लेकिन पिछले तीन महीने से ब्याज का भुगतान नहीं हुआ था।इसी पैसों के विवाद को पुलिस हत्या की कथित वजह के तौर पर देख रही है।
Read More: CG Rain Alert: आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश के आसार, इन दिनों बढ़ेगा खतरा

स्कूल के बाहर विवाद के बाद जंगल ले गया
पुलिस जांच के अनुसार, 17 सितंबर को कुम्हारी स्कूल के बाहर पटवारी कार्यालय के पास दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था।इसके बाद चंद्रप्रकाश कथित तौर पर शिवकुमार को अपने साथ स्कूटी पर बनचरौदा की ओर ले गया। पुलिस के मुताबिक, वह उसे सुनसान जंगल वाले इलाके में लेकर पहुंचा।आरोप है कि वहां स्कूटी में रखे हथौड़े और धारदार हथियार से शिवकुमार पर हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद वापस स्कूल पहुंचा आरोपी
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी वापस स्कूल पहुंचा और वहां अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। जांच में VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट और CCTV फुटेज को अहम साक्ष्य माना जा रहा है।पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या से पहले और बाद में आरोपी ने किन लोगों से संपर्क किया था और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य क्या हैं।

स्कूटी, हथौड़ा और तीन ब्लैंक चेक जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या से जुड़े कई सामान जब्त किए हैं। इनमें स्कूटी, हथौड़ा, धारदार हथियार, तीन ब्लैंक चेक, मृतक का पर्स, दोनों मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े व जूते शामिल हैं।इन सामानों को मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। पुलिस जब्त सामान और अन्य सबूतों की जांच के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।

आरोपी शिक्षक न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।फिलहाल पुलिस हत्या की पूरी कड़ी, पैसों के लेन-देन और दोनों शिक्षकों के बीच हुए विवाद की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share The News

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here