Khairagarh News: सड़क-पुल से किसानों की समस्याओं तक… कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, विधायक हर्षिता बघेल ने सौंपा ज्ञापन

Sanjay Sahu
Khairagarh News

Khairagarh News: खैरागढ़। खैरागढ़ में बुधवार को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और ग्रामीण राजपूत भवन से रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट के सामने कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं।

प्रदर्शन के दौरान सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल-कॉलेज, आंगनबाड़ी और किसानों से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की। रैली और धरने के कारण खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।

सड़क और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे उठाए

विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। उन्होंने खराब सड़कों और पुल-पुलिया की स्थिति के साथ मूड़ीपार कॉलेज के संचालन का मुद्दा उठाया। इसके अलावा ठेकाडीह में स्कूल और कॉलेज के लिए नए भवन निर्माण की मांग भी रखी गई।

विधायक ने कहा कि इन समस्याओं को पहले भी विधानसभा और अन्य मंचों पर उठाया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

किसानों की समस्याओं पर भी प्रदर्शन

कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान किसानों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। खाद और बिजली की बढ़ती लागत, किसानों के मुआवजे और बीमा राशि से जुड़े मामलों के साथ सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की समस्या को लेकर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इन समस्याओं का सीधा असर किसानों की खेती और आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है। उन्होंने किसानों की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।

Khairagarh News: प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद विधायक हर्षिता स्वामी बघेल और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा कि जिला प्रशासन के अधिकार क्षेत्र से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं राज्य शासन से संबंधित मांगों को शासन स्तर पर भेजने की बात कही गई।

Khairagarh News: प्रदर्शन के दौरान खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। अब कांग्रेस द्वारा उठाई गई मांगों पर प्रशासन और शासन स्तर से आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर रहेगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *