Janjgir-Champa Crime: उधारी के 2 हजार रुपए मांगने पर विवाद, युवक की हत्या; आरोपी रायपुर से गिरफ्तार

Sanjay Sahu
Janjgir-Champa Crime

Janjgir-Champa Crime: जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना क्षेत्र में उधारी के 2 हजार रुपए मांगने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक शिवा उर्फ भोलेशंकर टंडन की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पामगढ़ पुलिस ने मुख्य आरोपी अविनाश उर्फ मन्नू कुर्रे (26) को रायपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

29 अगस्त को हुई थी मारपीट

पुलिस के मुताबिक, घटना 29 अगस्त 2026 की दोपहर की है। उधारी की रकम मांगने की बात को लेकर आरोपी अविनाश उर्फ मन्नू कुर्रे और उसके साथियों का रमेश टंडन उर्फ महेश और उसके बेटे शिवा उर्फ भोलेशंकर से विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के और लकड़ी के डंडे से मारपीट की। हमले में शिवा के सिर, पैर, पीठ और कमर में गंभीर चोटें आईं।

इलाज के दौरान युवक की मौत

गंभीर रूप से घायल शिवा का रायपुर स्थित DKS अस्पताल में उपचार चल रहा था। 30 अगस्त को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग डायरी प्राप्त कर उसे अपराध डायरी में शामिल किया और मामले में हत्या की धारा 103(1) BNS समेत अन्य धाराएं जोड़ दीं।

नशा मुक्ति केंद्र से आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन और SDOP शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी अविनाश उर्फ मन्नू कुर्रे रायपुर स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती है। इसके बाद पुलिस टीम रायपुर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।

Janjgir-Champa Crime: पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे 31 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। शुरुआत में मामला गंभीर मारपीट से जुड़ा था, लेकिन घायल युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) BNS समेत अन्य धाराएं बढ़ा दी हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *