Rajnandgaon Crime:अंधे कत्ल का खुलासा: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, शव सड़क किनारे फेंककर हादसा दिखाने की कोशिश

Sanjay Sahu
Rajnandgaon Crime

Rajnandgaon Crime:राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में चिचोला पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ा खुलासा किया है। रामपुर निवासी प्रेमलाल साहू की मौत सड़क हादसे में नहीं, बल्कि हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंककर घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

सड़क किनारे गड्ढे में मिला था शव

मामला चिचोला पुलिस चौकी क्षेत्र का है। 10 अगस्त की रात महाराजपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास एनएच-53 के किनारे एक गड्ढे में प्रेमलाल साहू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मृतक के चेहरे, नाक और माथे पर चोट के निशान थे और खून निकल रहा था। शव के पास खून से सना एक भारी पत्थर भी बरामद हुआ था।

मृतक के भाई ओमप्रकाश साहू की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में घटना संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने अलग-अलग पहलुओं से पड़ताल की।

जांच में सामने आई हत्या की साजिश

जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर के अनुसार, गंगोत्री साहू के गांव के ही एक युवक से कथित तौर पर संबंध थे। पुलिस को संदेह है कि पति के इस रिश्ते में बाधा बनने के चलते दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, साजिश के तहत दोनों ने प्रेमलाल पर भारी पत्थर से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद हत्या को सड़क हादसा दिखाने के इरादे से शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

Rajnandgaon Crime:मामले की जांच के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *