Thursday, August 20, 2026
Home Chhattisgarh Janjgir Akaltara Police Brave Rescue: अकलतरा पुलिस की तत्परता से टली भीषण...

Janjgir Akaltara Police Brave Rescue: अकलतरा पुलिस की तत्परता से टली भीषण त्रासदी: जलती दुकान के ऊपर फंसे 5 परिवारों के 14 लोगों की बचाई जान

जांजगीर-चांपा (अजय यादव) [Nishanebaaz News]। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस की सजगता, जांबाजी और मानवीय संवेदनशीलता के चलते एक बहुत बड़ी जनहानि और आगजनी की घटना टल गई। गश्त पर निकली अकलतरा पुलिस टीम ने जलती हुई इमारत की पहली मंजिल पर फंसे 5 परिवारों के 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई।

रात 2:30 बजे गश्त दल ने देखा दुकान से उठता धुआं मिली जानकारी के अनुसार, अकलतरा पुलिस का रात्रि गश्त दल देर रात करीब 2:30 बजे अम्बेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर ‘नीरज कलेक्शंस’ नामक कपड़ा दुकान पर पड़ी, जिससे आग की भीषण लपटें और धुएं का गुबार निकल रहा था।

पुलिस ने तत्काल बिना समय गंवाए आसपास के निवासियों को अलर्ट किया। जैसे ही पुलिस को जानकारी मिली कि दुकान के प्रथम तल पर परिवार निवास करते हैं, वैसे ही तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

सीढ़ियों पर थीं आग की लपटें, पुलिस बनी देवदूत प्रथम तल से नीचे उतरने वाली मुख्य सीढ़ियों पर आग की तेज लपटें और धुआं फैल चुका था, जिससे ऊपर फंसे लोगों का नीचे आना असंभव हो गया था। अकलतरा पुलिस ने तुरंत विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर पावर कट कराया और लंबी सीढ़ियों की व्यवस्था की।

पुलिसकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सीढ़ियों के सहारे पहली मंजिल पर मौजूद 5 परिवारों के 14 सदस्यों (4 बच्चे, 4 महिलाएं और 2 पुरुषों सहित अन्य लोग) को एक-एक कर सुरक्षित नीचे उतारा।

ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू लोगों को सुरक्षित निकालने के पश्चात आग बुझाने के लिए होमगार्ड जांजगीर और जे.एस.डब्ल्यू. (JSW) प्लांट से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और अग्निशमन दल ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

समय पर की गई इस त्वरित कार्रवाई से कॉम्प्लेक्स की अन्य दुकानों को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। रेस्क्यू किए गए परिवारों और स्थानीय निवासियों ने अकलतरा पुलिस की इस साहसिक और त्वरित कार्रवाई के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here