Thursday, August 20, 2026
Home Chhattisgarh Gariaband Crime: पत्नी के घर छोड़ने पर पड़ोसी की हत्या, आरोपी ने...

Gariaband Crime: पत्नी के घर छोड़ने पर पड़ोसी की हत्या, आरोपी ने खुद को घर में किया बंद, जानिए फिर क्या हुआ

Gariaband Crime
Gariaband Crime

Gariaband Crime: गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गांव में हत्या और पुलिस कार्रवाई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से नाराज एक व्यक्ति ने अपने दो पड़ोसियों पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

घटना के बाद आरोपी ने खुद को अपने घर के अंदर बंद कर लिया और पुलिस को करीब 7 घंटे तक काफी मशक्कत करनी पड़ी। 50 से ज्यादा जवानों की टीम ने आरोपी को बाहर निकालने के लिए मिर्ची का धुआं छोड़ा, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया जा सका।

कुल्हाड़ी से पड़ोसी की हत्या

पुलिस के मुताबिक, पेंड्रा गांव निवासी 32 वर्षीय हीरा नागेश ने बुधवार सुबह करीब 6 से 7 बजे अपने 38 वर्षीय पड़ोसी खोलबहरा नागेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में खोलबहरा की मौके पर ही मौत हो गई।

इससे पहले आरोपी ने 25 वर्षीय एक अन्य पड़ोसी नरेंद्र पर भी जानलेवा हमला किया था। नरेंद्र किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घायल नरेंद्र का इलाज मैनपुर अस्पताल में चल रहा है।

शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा के अनुसार, आरोपी की पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। आरोपी को शक था कि उसके पड़ोसियों ने उसकी पत्नी को घर छोड़ने के लिए उकसाया है। इसी बात को लेकर उसने दोनों पर हमला किया।

घर में खुद को किया बंद, पुलिस पर गुलेल से हमला

वारदात की सूचना मिलते ही शोभा पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने गांव पहुंची। लेकिन आरोपी ने खुद को अपने मकान के अंदर बंद कर लिया। जब पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए घर के पास पहुंचे तो आरोपी ने गुलेल से जवानों पर हमला कर दिया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी है।

स्थिति को देखते हुए मैनपुर पुलिस और एसडीओपी की टीम भी मौके पर पहुंची। आरोपी को बाहर निकालने के लिए पुलिस ने घर की छत के ऊपर से मिर्ची का धुआं छोड़ा। इसके बाद आरोपी घर से बाहर निकला, लेकिन करीब 200 मीटर तक पुलिसकर्मियों पर हमला करने के लिए दौड़ता रहा। आखिरकार जवानों ने किसी तरह उसे काबू में किया और करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी के जाने के बाद भड़का आरोपी

जानकारी के अनुसार, आरोपी हीरा नागेश राजमिस्त्री का काम करता है और नशे का आदी बताया जा रहा है। कुछ समय तक उसने दवा लेने के बाद नशा छोड़ दिया था, लेकिन वह मानसिक तनाव में रहता था। बाद में उसने दोबारा नशा करना शुरू कर दिया, जिसके बाद उसके व्यवहार में आक्रामकता आने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि घटना से एक रात पहले भी आरोपी का अपनी पत्नी जागेश्वरी से विवाद हुआ था। सुबह आरोपी के उठने से पहले ही जागेश्वरी घर छोड़कर मायके चली गई।

सुबह करीब 6 बजे उठने के बाद आरोपी पत्नी की तलाश करने लगा। इसी दौरान पहले उसका नरेंद्र से विवाद हुआ और फिर उसने खोलबहरा पर हमला कर दिया। हत्या के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे जांच जारी है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here