रायपुर [Nishanebaaz News]Atal Bihari Vajpayee Death Anniversary Avanti Vihar Raipur। देश के पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ स्व. अटल बिहारी बाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर राजधानी रायपुर के अवंती विहार स्थित अटल चौक पर अवंती विहार व्यापारी संघ द्वारा एक गरिमामयी पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक एवं पूर्व सांसद सुनील सोनी तथा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा ने अटल चौक पहुंचकर स्व. अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए अवंती विहार व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजकुमार राठी ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि पर आयोजित इस सभा में शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों और व्यापारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
‘छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण स्व. अटल जी की ही देन’ — सांसद बृजमोहन अग्रवाल समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज जब हम गर्व से अपने नाम के साथ छत्तीसगढ़िया और छत्तीसगढ़ लिखते हैं, तो यह सीधे तौर पर स्व. अटल बिहारी बाजपेयी जी की ही दूरदर्शिता और देन है। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों को एक अलग पहचान और विकास का मार्ग दिया था।
अटल जी ने सदैव सिद्धांतों की राजनीति की कार्यक्रम में मौजूद विधायक पुरंदर मिश्रा ने अटल जी के ऐतिहासिक संस्मरणों को याद करते हुए कहा कि जब संसद में अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था और सहयोगी दलों ने वोटों की व्यवस्था का आश्वासन दिया था, तब अटल जी ने स्पष्ट कहा था— “भले ही सरकार चली जाए, लेकिन यदि सत्तालोलुपों से समझौता करके सरकार बनती है, तो मैं ऐसी सरकार को चिमटे से भी छूना पसंद नहीं करूंगा।” विधायक मिश्रा ने आगे कहा कि अटल जी कहा करते थे कि वे मृत्यु से नहीं डरते, बल्कि बदनामी से डरते हैं।
वहीं विधायक सुनील सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि अटल जी का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा और उन्होंने राजनीति में सदैव उच्च आदर्शों व सिद्धांतों का पालन किया।
कविताओं के पाठ से गूंज उठा परिसर, ये गणमान्य रहे उपस्थित पुष्पांजलि सभा के दौरान कवि राजेश जैन ‘राही’ एवं छविलाल सोनी ने स्व. अटल बिहारी बाजपेयी द्वारा रचित प्रसिद्ध देशभक्ति और जीवन दर्शन से जुड़ी कविताओं का सस्वर पाठ किया, जिसे सुनकर उपस्थित नागरिक भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन संघ के अध्यक्ष राजकुमार राठी एवं मंजूल मयंक श्रीवास्तव द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष सुब्रत घोष ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से सीमा साहू, नगर निगम जल विभाग के अध्यक्ष संतोष साहू, पार्षद प्रदीप वर्मा, प्रभा विश्वकर्मा, एल्डरमैन राजू राघवानी, महेंद्र बगोड़िया, इंदरचंद जैन, करुणा पांडे, मंजुल श्रीवास्तव, किशोरचंद नायक, गोविंद शर्मा, सुजीत परिहार, विकास मिश्रा, अजय पाणिकर, रामलाल साहू, रविंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।





