Sunday, August 16, 2026
Home Chhattisgarh CG Human Trafficking Aligarh Gang Busted: छत्तीसगढ़ की मासूम बेटियों को यूपी...

CG Human Trafficking Aligarh Gang Busted: छत्तीसगढ़ की मासूम बेटियों को यूपी के अलीगढ़ में बेचता था अंतरराज्यीय गिरोह: ‘लीडर चाची’ समेत 5 गिरफ्तार, 3 बच्चियां रेस्क्यू

रायपुर/अलीगढ़ [Nishanebaaz News]CG Human Trafficking Aligarh Gang Busted। उत्तर प्रदेश की अलीगढ़ पुलिस ने मानव तस्करी (Human Trafficking) करने वाले एक बड़े और खतरनाक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह शातिर गिरोह छत्तीसगढ़ की बेसहारा, मासूम और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चियों को पढ़ाई-लिखाई, अच्छे जीवन और आर्थिक मदद का झूठा झांसा देकर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ लाता था और फिर उन्हें मोटी रकम लेकर बेच दिया करता था।

अलीगढ़ के थाना टप्पल और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) की संयुक्त पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह की मुख्य सूत्रधार ‘लीडर चाची’ समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान तीन मासूम बच्चियों को गिरोह के चंगुल से सुरक्षित रेस्क्यू किया है। पकड़े गए आरोपियों में तीन ऐसे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने बच्चियों को खरीदा था।

‘ऑपरेशन स्माइल’ से खुला मानव तस्करी का बड़ा नेटवर्क मामले का खुलासा करते हुए एसपी देहात (अलीगढ़) मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि 7 अगस्त को पीआरवी के जरिए सूचना मिली थी कि टप्पल क्षेत्र के मौर गांव में एक मासूम बच्ची को बेचा गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ खैर अभिषेक कुमार पटेल के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत टप्पल थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा और एएचटी टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तत्काल मौर गांव में दबिश देकर पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पीड़िता से की गई गहन पूछताछ में इस पूरे रैकेट की परतें खुलती चली गईं। सामने आया कि प्रयागराज जिले के थाना सराय इनायत अंतर्गत ग्राम पहाड़ीपुर निवासी बबीता उर्फ ‘चाची’ (पत्नी रामबाली यादव) छत्तीसगढ़ राज्य के ग्रामीण और पिछड़े इलाकों से बेसहारा व गरीब परिवारों की बालिकाओं को अच्छी पढ़ाई और नौकरी का लालच देकर अपने जाल में फंसाती थी।

‘चाची’ लाती थी, ‘सूखा’ बेचता था मोटी रकम में जांच में पता चला कि बबीता उर्फ चाची बच्चियों को फुसलाकर छत्तीसगढ़ से अलीगढ़ लाती थी। इसके बाद गोंडा क्षेत्र का रहने वाला सुखाराम उर्फ सूखा उर्फ महावीर फौजदार इन बच्चियों को बबीता से लेता था और अलीगढ़ तथा आसपास के सीमावर्ती जिलों में जरूरतमंदों व खरीदारों को मोटी रकम वसूलकर बेच देता था। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े बबीता उर्फ चाची, सुखाराम उर्फ सूखा, बबलू, ओमपाल सिंह और विनोद को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

पॉक्सो और बीएनएस की संगीन धाराओं में मामला दर्ज पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ थाना टप्पल में अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की धारा 143, 64, 65(1), पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) और बाल विवाह निषेध अधिनियम की धारा 9 के तहत गंभीर मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के तार छत्तीसगढ़ के किन-किन जिलों से जुड़े हैं और इन्होंने अब तक कितनी मासूम बेटियों की तस्करी की है, इसको लेकर विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here