रायपुर [Nishanebaaz News]Congress Councillor Sandeep Sahu FIR Case। राजधानी रायपुर में नगर निगम के जोन-8 में पदस्थ कमिश्नर और कांग्रेस पार्षद के बीच विवाद का बड़ा मामला सामने आया है। सफाई कर्मचारियों के भुगतान को लेकर हुए विवाद के बाद जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल की लिखित शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने कांग्रेस पार्षद संदीप साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद राजधानी के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
फोन पर दी धमकी और की अभद्रता: जोन कमिश्नर का आरोप
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने आरोप लगाया है कि सफाई कर्मचारियों के बकाया भुगतान से जुड़ी फाइल को लेकर कांग्रेस पार्षद संदीप साहू ने उन्हें फोन किया।
बातचीत के दौरान पार्षद ने सरकारी काम में दबाव बनाने की कोशिश की और मना करने पर शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए फोन पर ही गाली-गलौज की तथा जान से मारने व देख लेने की धमकी दी। कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
“कमिश्नर के आरोप झूठे, जोन-8 बना वसूली का केंद्र”: संदीप साहू
वहीं, एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस पार्षद संदीप साहू ने पलटवार करते हुए अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
पार्षद संदीप साहू का बयान:
“जोन-8 पूरी तरह से भ्रष्टाचार और वसूली का केंद्र बन चुका है। वहाँ बिना कमिशन दिए कोई भी काम नहीं होता। कमिशन न मिलने के कारण ही जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने गरीब सफाई कर्मचारियों का भुगतान रोक रखा था। जब मैंने गरीबों के हक और भुगतान के लिए आवाज उठाई, तो मुझ पर दबाव बनाने के लिए यह झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई है। लगाए गए सभी आरोप मनगढ़ंत हैं।”
पुलिस कर रही मामले की जांच
कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयानों और कॉल से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी वैधानिक साक्ष्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

