Indore Crime: इंदौर में ई-ऑटो गैंग का पर्दाफाश, यात्रियों के बैग से लाखों के जेवर उड़ाने वाले 5 शातिर गिरफ्तार; 20 लाख के आभूषण बरामद

Anuj Nirala

Indore Crime: इंदौर। शहर में ई-ऑटो से सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का लसूडिया थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा ई-ऑटो जब्त किया है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से इसी तरीके से यात्रियों को निशाना बना रहा था।

रेलवे स्टेशन से ससुराल जाते समय हुई लाखों की चोरी

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को महाराष्ट्र निवासी पवन सिंह अपनी बेटी को रेलवे स्टेशन से स्कीम नंबर-78 स्थित ससुराल छोड़ने के लिए ई-ऑटो से जा रहे थे। ऑटो में पहले से दो युवक सवारी बनकर बैठे हुए थे। जब वे गंतव्य पर पहुंचे तो सूटकेस का ताला खुला मिला। जांच करने पर उसमें रखे करीब 17 लाख रुपये के सोने के आभूषण और लगभग ढाई लाख रुपये के चांदी के जेवर गायब मिले।घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल लसूडिया थाने में शिकायत दर्ज कराई।

MP Crime: डबरा में गांजा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, कार से 37 किलो गांजा जब्त; ओडिशा से ग्वालियर लाई जा रही थी खेप, दो तस्कर गिरफ्तार

300 CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस पहुंची आरोपियों तक

Indore Crime: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच शुरू की। टीम ने घटना स्थल और आसपास के करीब 250 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान ई-ऑटो के नंबर के अंतिम चार अंक 8770 पुलिस के हाथ लगे, जिसके आधार पर ऑटो चालक कालू उर्फ जितेंद्र जोशी तक पहुंचा गया।सख्ती से पूछताछ करने पर चालक ने अपने साथियों मेहबूब, मोहम्मद रियाज, किशोर जोशी और कमल गारोडिया के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह बेहद शातिर तरीके से चोरी करता था। गिरोह के सदस्य पहले से ई-ऑटो में सामान्य यात्रियों की तरह बैठ जाते थे। जैसे ही कोई नया यात्री बैग या सूटकेस लेकर ऑटो में बैठता, आरोपी बड़े बैग की आड़ लेकर चुपचाप उसका सामान खोलते और उसमें रखे जेवर व कीमती सामान निकाल लेते। वारदात के दौरान पीड़ित को भनक तक नहीं लगती थी।

उत्तर प्रदेश का रहने वाला है मास्टरमाइंड

Indore Crime: पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना मेहबूब, उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है। वही पूरी वारदात की योजना तैयार करता था और बाकी सदस्य उसके निर्देश पर चोरी को अंजाम देते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी सहित कई सदस्यों पर पहले से चोरी के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

20 लाख के जेवर और ई-ऑटो जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग एक किलोग्राम चांदी के जेवर तथा वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा ई-ऑटो बरामद किया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

Bhind Murder Case: भिंड में 6 साल की मासूम की हत्या का चौंकाने वाला खुलासा, मां और कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप; फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद दर्ज हुआ केस

अन्य वारदातों की भी जांच जारी

Indore Crime: फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इंदौर या आसपास के अन्य जिलों में भी इसी तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।

लसूडिया पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में सक्रिय संगठित चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने यात्रियों से भी अपील की है कि सार्वजनिक परिवहन में सफर के दौरान अपने बैग और कीमती सामान पर विशेष नजर रखें।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *