Khandwa School: खंडवा के सरकारी स्कूल प्राचार्य सस्पेंड छात्राओं से सोनम वांगचुक के समर्थन में बनवाया वीडियो, वायरल होने पर हुई कार्रवाई

Khandwa School:रामचंद्र कासडे \खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक सरकारी स्कूल का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन और नीट (NEET) पेपर लीक के विरोध में छात्राओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम अपील का वीडियो बनवाने के मामले में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य संदीप यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर इंदौर संभागायुक्त ने यह कार्रवाई की है।

स्कूल परिसर में छात्राओं से कराई गई थी अपील

यह मामला खंडवा जिले के आदिवासी बाहुल्य खालवा विकासखंड के ग्राम पटाजन स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में स्कूल की छात्राएं हाथों में सोनम वांगचुक की तस्वीर लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके अनशन को समाप्त कराने की अपील करती दिखाई दे रही हैं।

Indore Civic News: इंदौर नगर निगम में वेतन घोटाले का खुलासा, सैलरी दूसरे खातों में ट्रांसफर; दो कर्मचारी बर्खास्त, जांच तेज

वीडियो में छात्राएं कहती सुनाई देती हैं कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, हम सभी बच्चे आपसे निवेदन करते हैं कि आप सोनम वांगचुक जी की बात मान लीजिए और उनका अनशन जल्द समाप्त करवाइए। हम सभी बच्चे उनका समर्थन करते हैं।” वीडियो सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया।

जांच में जयस नेता की मौजूदगी का भी हुआ खुलासा

Khandwa School: प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान जय आदिवासी युवा शक्ति (JAYS) से जुड़े नेता अमरसिंह सिलाले भी स्कूल परिसर में मौजूद थे। बताया गया कि उनकी मौजूदगी में ही छात्राओं से यह अपील कराई गई।

प्रशासन ने माना कि स्कूल परिसर में इस प्रकार की गतिविधि की अनुमति देना और विद्यार्थियों को इसमें शामिल करना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही है। इसी आधार पर स्कूल के प्राचार्य को जिम्मेदार ठहराया गया।

जांच समिति की रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई

Khandwa School: मामला सामने आने के बाद हरसूद एसडीएम ने पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए समिति गठित की। समिति ने विद्यालय पहुंचकर संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए और तथ्यों की जांच की।जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए रिपोर्ट इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को भेजी। रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर संभागायुक्त ने प्राचार्य संदीप यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।

Bhopal Traders Notice: भोपाल में 30 हजार व्यापारियों को नोटिस से मचा हड़कंप, चैंबर ऑफ कॉमर्स ने निगम की कार्रवाई पर लगाई रोक की मांग

शिक्षा विभाग ने दिए निष्पक्ष जांच के संकेत

Khandwa School: प्रशासन का कहना है कि विद्यालय परिसर में किसी भी प्रकार की राजनीतिक या विवादित गतिविधि में विद्यार्थियों की भागीदारी स्वीकार्य नहीं है। शिक्षा विभाग मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहा है और यदि जांच में अन्य अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद स्कूलों में विद्यार्थियों को गैर-शैक्षणिक और विवादित गतिविधियों में शामिल किए जाने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

Share The News

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *