Rajnandgaon accident: राजनांदगांव। नेशनल हाईवे पर शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में डोंगरगढ़ से दर्शन कर लौट रहे एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। सड़क किनारे खराब खड़ी पिकअप में तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 14 वर्षीय वंश शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के सदस्य और दो मैकेनिक समेत 9 लोग घायल हो गए।
Rajnandgaon accident: जानकारी के मुताबिक, दुर्ग का एक परिवार पिकअप वाहन से डोंगरगढ़ दर्शन के लिए गया था। लौटते समय शाम के करीब भानपुरी नदी के पास पिकअप का क्लच प्लेट खराब हो गया। इसके बाद वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया और दुर्ग से दो मैकेनिक बुलाए गए। करीब चार घंटे तक मैकेनिक वाहन की मरम्मत में जुटे रहे।
Rajnandgaon accident: इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे नागपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप पलट गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Rajnandgaon accident: स्थानीय लोगों ने तुरंत पहुंचाई मदद
Rajnandgaon accident: हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर डायल-112 और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 14 वर्षीय वंश शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का देर रात तक इलाज चलता रहा। कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें टांके लगाए गए हैं।
Rajnandgaon accident: ट्रेलर चालक हिरासत में
Rajnandgaon accident: सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







