Gwalior Fake Kidnapping Drama: ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मजदूर ने अपनी पत्नी को डराकर वापस गांव ले जाने की नीयत से अपने ही बेटे के साथ मिलकर खुद के ही बेटे के अपहरण का फर्जी ड्रामा रच डाला। मामला तब उजागर हुआ जब पुलिस ने संदेह के आधार पर पिता-पुत्र से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पत्नी के काम पर जाने और गांव न लौटने से नाराज था पति
जानकारी के अनुसार, डबरा के ग्राम चांदपुर निवासी रामखिलौनी अपनी पत्नी संगीता और बेटे राजेन्द्र के साथ नदीपार टाल क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता है। पत्नी संगीता अपनी बहन के साथ शादियों व अन्य आयोजनों में काम करने जाती थी, जो रामखिलौनी को बिल्कुल पसंद नहीं था। वह लगातार पत्नी पर गांव वापस चलने का दबाव बना रहा था, लेकिन संगीता इसके लिए तैयार नहीं थी। पत्नी को राजी करने में नाकाम रहने पर रामखिलौनी ने बेटे राजेन्द्र के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रची ताकि बेटे के अपहरण की खबर सुनकर पत्नी डर जाए और गांव लौटने को राजी हो जाए।
कार सवारों द्वारा किडनैपिंग की झूठी सूचना से हड़कंप
योजना के मुताबिक, रामखिलौनी ने उटीला थाना पुलिस को सूचना दी कि वह अपने बेटे राजेन्द्र के साथ मजदूरी करने जा रहा था, तभी रास्ते में कार सवार 4-5 अज्ञात बदमाशों ने राजेन्द्र का दिनदहाड़े किडनैपिंग कर लिया। दिनदहाड़े अपहरण की खबर मिलते ही उटीला थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और तलाशी अभियान शुरू किया।
कुछ घंटों बाद राजेन्द्र ने अपने पिता को फोन कर बताया कि अपहरणकर्ता उसे मोहनपुर पुल के पास छोड़कर भाग गए हैं।
पुलिसिया सख्ती में खुला राज
मामले की जांच कर रही पुलिस को शुरू से ही पिता-पुत्र के बयानों में काफी विरोधाभास नजर आ रहा था। पुलिस को गुमराह करने के लिए दोनों ने अपने मोबाइल फोन भी अपने एक दोस्त को दे दिए थे। जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों से कड़ाई से पूछताछ की, तो वे टूट गए और सच उगल दिया। रामखिलौनी ने कबूल किया कि उसने पत्नी को गांव ले जाने के इरादे से यह पूरा फर्जी ड्रामा रचा था।
सीएसपी मनीष यादव का बयान:
मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी ग्वालियर मनीष यादव ने बताया कि किडनैपिंग की सूचना झूठी पाई गई है। पुलिस को गुमराह करने और फर्जी साजिश रचने को लेकर पिता-पुत्र के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







