Sunday, August 23, 2026
Home Madhya Pradesh Begamganj Road Protest: बेगमगंज-राहतगढ़ सड़क पर कांग्रेस का हल्ला बोल, एक घंटे...

Begamganj Road Protest: बेगमगंज-राहतगढ़ सड़क पर कांग्रेस का हल्ला बोल, एक घंटे तक किया चक्का जाम; 8 दिन में सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

Begamganj Road Protest: राजू बैरागी \बेगमगंज (रायसेन)। बेगमगंज-राहतगढ़ मार्ग के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं, घटिया गुणवत्ता और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। सिलवानी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, किसानों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बेगमगंज बस स्टैंड पर आमसभा आयोजित की। इसके बाद करीब एक घंटे तक चक्का जाम कर सड़क पर धरना दिया।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम प्रियंका भिलाबी को सौंपते हुए सड़क निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

‘घटिया निर्माण के कारण जा रही लोगों की जान’

Begamganj Road Protest: सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि रायसेन-राहतगढ़ सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से धीमी गति से चल रहा है और निर्माण में गुणवत्ता संबंधी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

READ MORE: MP Employee Promotion: 10 साल बाद मध्य प्रदेश में शुरू हुई पदोन्नति प्रक्रिया, कर्मचारियों ने सीएम डॉ. मोहन यादव का ढोल-नगाड़ों से किया स्वागत

कांग्रेस का दावा है कि पिछले एक वर्ष के दौरान इस मार्ग पर हुए सड़क हादसों में 100 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जिसके लिए खराब सड़क और निर्माण कार्य में लापरवाही जिम्मेदार है।

निर्माण एजेंसी पर लगाए गंभीर आरोप

Begamganj Road Protest: ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एमपी आरडीसी द्वारा स्वीकृत सड़क निर्माण का ठेका हरियाणा की एक कंपनी को दिया गया था, जिसने बाद में कार्य को पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर अन्य एजेंसियों को सौंप दिया। कांग्रेस का कहना है कि इसी कारण निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हुई है।

नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पुरानी सड़क से निकाली गई डामर की परत का दोबारा उपयोग किया जा रहा है, जो निर्धारित निर्माण मानकों के विपरीत है और सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

तेज रफ्तार डंपरों और बसों पर भी जताई चिंता

Begamganj Road Protest:प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने निर्माणाधीन सड़क पर तेज गति से दौड़ रहे डंपरों और यात्री बसों को भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए और निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।

अधिकारियों ने मांगा 8 दिन का समय

धरना-प्रदर्शन के दौरान एमपी आरडीसी के एजीएम सुनील कोरी सहित संबंधित अधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं से चर्चा की। विधायक देवेंद्र पटेल ने बताया कि अधिकारियों ने सड़क निर्माण में आ रही समस्याओं के समाधान और आवश्यक सुधार कार्य के लिए 8 दिन का समय मांगा है।

READ MORE: Dewas Crime News: किन्नर का भेष बनाकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार; लूटी गई ज्वेलरी, कार और हथियार बरामद

8 दिन बाद होगा आंदोलन का दूसरा चरण

Begamganj Road Protest: देवेंद्र पटेल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आठ दिनों के भीतर सड़क निर्माण की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।

उन्होंने कहा कि अगले चरण में ग्राम गढ़ी स्थित निर्माण एजेंसी के प्लांट पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, किसान, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होंगे।

ग्रामीणों ने भी उठाई सुरक्षित सड़क की मांग

Begamganj Road Protest: प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण रोजाना हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषी एजेंसियों पर कार्रवाई की जाए और जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण सड़क का निर्माण पूरा कराया जाए।

प्रदर्शन के समापन के बाद चक्का जाम समाप्त कर दिया गया, लेकिन कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here