CG NEWS : माकड़ी : थाना अनंतपुर क्षेत्र से एक माह पूर्व लापता हुए युवक को पुलिस ने तमिलनाडु से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इस सफल कार्रवाई से परिजनों में खुशी का माहौल है और आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है।
CG NEWS : प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 जून 2025 को प्रार्थी गिरधारी निषाद ने थाना अनंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 20 वर्षीय बेटा भगत निषाद एक माह पूर्व “तमिलनाडु जा रहा हूं” कहकर घर से निकला था, लेकिन उसके बाद से उसका कोई संपर्क नहीं हो पाया। रिपोर्ट दर्ज कर गुम इंसान क्रमांक 03/2025 पर जांच शुरू की गई।
CG NEWS : पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव वाय. अक्षय कुमार (IPS) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी कोमल प्रसाद राठौर के नेतृत्व में लगातार प्रयास किए गए। इसी कड़ी में आर.561 लक्ष्मी बघेल की मदद से भगत निषाद को तमिलनाडु से दस्तयाब किया गया।
CG NEWS : युवक से पूछताछ के बाद उसे सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के हवाले किया गया। इस कार्यवाही की प्रशंसा क्षेत्रवासियों ने की है और पुलिस की सतर्कता एवं संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है।













