Saturday, August 22, 2026
Home Crime Ujjain News: नाबालिग से ट्रैक्टर चलवाने का आरोप, हादसे में 17 वर्षीय...

Ujjain News: नाबालिग से ट्रैक्टर चलवाने का आरोप, हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत- परिजनों ने IG से लगाई न्याय की गुहार

Ujjain News: धर्मेंद्र वाघेला\उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के महिदपुर क्षेत्र में तीन माह पहले ट्रैक्टर पलटने से हुई 17 वर्षीय किशोर की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस महानिरीक्षक (IG) कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार का आरोप है कि नाबालिग से अवैध रूप से ट्रैक्टर चलवाया गया, जिसके कारण उसकी जान चली गई। वहीं स्थानीय पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने और आरोपी के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

IG कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार

मृतक के परिजनों ने पुलिस महानिरीक्षक को लिखित आवेदन सौंपते हुए बताया कि घटना को तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई की जाती, तो उन्हें न्याय के लिए उच्च अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।परिजनों ने मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

READ MORE: Ujjain Crime: उज्जैन में रंगदारी का आतंक हफ्ता नहीं देने पर मोबाइल दुकान में क्रिकेट बैट से तोड़फोड़, CCTV में कैद हुई वारदात

17 वर्षीय विशाल से ट्रैक्टर चलवाने का आरोप

Ujjain News: शिकायतकर्ता एवं मृतक के पिता जगदीश वाघेला, निवासी लाखाखेड़ी (महिदपुर), ने आरोप लगाया कि उनका 17 वर्षीय बेटा विशाल वाघेला गांव के व्यापारी दशरथ परमार की अनाज दुकान पर काम करता था।पिता का कहना है कि उन्होंने कई बार व्यापारी से बेटे को काम पर नहीं लगाने और उसकी पढ़ाई पर ध्यान देने की बात कही थी। इसके बावजूद कथित रूप से नाबालिग विशाल से गेहूं से भरी ट्रॉली लेकर ट्रैक्टर चलवाया गया, जबकि वह वाहन चलाने के लिए कानूनी रूप से पात्र नहीं था।

ट्रैक्टर पलटने से हुई थी मौत

Ujjain News: परिजनों के अनुसार, 2 मार्च 2026 की सुबह गेहूं से भरी ट्रॉली लेकर मंडी जाते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 17 वर्षीय विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद उसे महिदपुर के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।अगले दिन महिदपुर रोड थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की, लेकिन परिजनों का आरोप है कि इसके बाद भी मुख्य आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

Ujjain News: मृतक के परिवार का कहना है कि स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उनका आरोप है कि घटना में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अब तक कोई प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष लगातार समझौते का दबाव बना रहा है।हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित थाना प्रभारी या पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

READ MORE: Gwalior Farmers: ग्वालियर से किसानों को बड़ी सौगात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ₹49 करोड़ की कृषि परियोजनाओं की रखी नींव, प्राकृतिक खेती और पशुपालन पर दिया जोर

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिवार ने पुलिस महानिरीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि एक नाबालिग से ट्रैक्टर क्यों और किसके निर्देश पर चलवाया गया। साथ ही यदि जांच में लापरवाही या कानून के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर

Ujjain News: आईजी कार्यालय में शिकायत दर्ज होने के बाद अब पूरे मामले पर पुलिस की अगली कार्रवाई को लेकर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। यदि जांच में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो मामले में नई धाराएं जोड़कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।फिलहाल मामला जांच के अधीन है और पुलिस द्वारा आधिकारिक बयान आने का इंतजार किया जा रहा है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here