Tuesday, August 18, 2026
Home Madhya Pradesh Raisen Rain Update: मुस्कुराया आषाढ़, झूमकर बरसे काले बदरा; बारिश से महका...

Raisen Rain Update: मुस्कुराया आषाढ़, झूमकर बरसे काले बदरा; बारिश से महका रायसेन, किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

Raisen Rain Update: राजू बैरागी / रायसेन। जेठ की तपती दोपहरी, उमस भरी गर्मी और मानसून के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार गुरुवार की शाम रायसेन जिले के लिए राहत और खुशियों की सौगात लेकर आई। सुबह से आसमान में डेरा जमाए काले बादल दोपहर बाद गरजे और फिर शाम करीब छह बजे जमकर बरसे। बारिश की पहली फुहारों ने न केवल मौसम को सुहावना बना दिया, बल्कि खेतों से लेकर बाजारों तक हर चेहरे पर खुशी बिखेर दी।

बारिश ने दी गर्मी से राहत, मौसम हुआ खुशनुमा

Raisen Rain Update: पिछले कई दिनों से तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे। गुरुवार को हुई बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी और पूरे जिले में ठंडक घुल गई। देर शाम तक रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे वातावरण पूरी तरह तरोताजा हो गया।बारिश शुरू होते ही बच्चे घरों से बाहर निकल आए और फुहारों का आनंद लेने लगे। वहीं मौसम सुहावना होने से बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की चहल-पहल बढ़ गई।

READ MORE: MP Weather Update: मध्य प्रदेश के 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, खंडवा-हरदा के लिए सीजन का पहला रेड अलर्ट

किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं बारिश

Raisen Rain Update: लंबे समय से मानसून का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह बारिश उम्मीदों की नई किरण बनकर आई है। खरीफ सीजन की तैयारियों में जुटे किसानों के चेहरों पर बारिश की बूंदों के साथ मुस्कान लौट आई है।

अच्छी बारिश के कारण खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है, जिससे सोयाबीन, धान, मक्का और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आने की संभावना बढ़ गई है। बारिश थमते ही कई किसान ट्रैक्टर और कृषि यंत्र लेकर खेतों की ओर निकल पड़े और बोवनी की तैयारियां शुरू कर दीं।

अच्छी बारिश से बेहतर पैदावार की उम्मीद

Raisen Rain Update: किसान दीवान सिंह मीणा (मोतीपुरा), बद्री जादौन, महेंद्र यादव, राजेंद्र यादव, राजेश पटेल और सत्येंद्र यादव का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह नियमित और संतुलित बारिश होती रही, तो खरीफ फसलों की बोवनी समय पर पूरी हो जाएगी और इस वर्ष अच्छी पैदावार मिलने की संभावना मजबूत होगी।किसानों के अनुसार, समय पर बारिश होने से सिंचाई पर अतिरिक्त खर्च कम होगा और फसलों की बढ़वार भी बेहतर होगी।

हरियाली और खुशहाली का संदेश लेकर आए बादल

Raisen Rain Update: लंबे इंतजार के बाद बरसे काले बादलों ने जिले में हरियाली की उम्मीदों को फिर से जगा दिया है। खेतों में नमी आने से जहां कृषि गतिविधियां तेज होंगी, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल दिखाई देने लगा है।बारिश केवल किसानों के लिए राहत नहीं लेकर आई, बल्कि इसने पूरे जनजीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार किया है।

READ MORE: Gwalior Temple News: अचलेश्वर मंदिर की दान पेटी से निकलीं हैरान करने वाली अर्जियां किसी ने सुंदर लड़कों को न देखने की खाई कसम, तो किसी ने खुद से बातें छोड़ने का लिया संकल्प

जल्द पूरी तरह सक्रिय होगा मानसून

Raisen Rain Update: मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एस. तोमर ने बताया कि जिले में मानसून की प्रभावी दस्तक हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अल नीनो सहित तीन प्रमुख मौसमीय प्रणालियों के सक्रिय रहने के कारण मानसून की गति प्रभावित हुई थी, जिसके चलते बारिश में देरी हुई।हालांकि अब मौसम की परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं और अगले एक-दो दिनों में मानसून पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद जिले में नियमित बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

बारिश की इस सौगात ने रायसेन जिले में किसानों के सपनों को नई उड़ान दी है। खेतों में बढ़ती नमी, मौसम की ठंडक और हरियाली की उम्मीदों ने यह संदेश दे दिया है कि आषाढ़ अब सचमुच मुस्कुरा उठा है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here