Tuesday, August 18, 2026
Home Madhya Pradesh Sidhi Singrauli NH News: हाइवा से गिरी बालू और हल्की बारिश ने...

Sidhi Singrauli NH News: हाइवा से गिरी बालू और हल्की बारिश ने हाईवे को बनाया ‘डेथ ट्रैप’, बरगवां पुलिस जांच में जुटी

Sidhi Singrauli NH News: सिंगरौली। सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत सीधी–सिंगरौली नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक नंबर गेट स्थित जायसवाल ढाबा के समीप देवसर से बैढ़न की ओर जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में हिंडालको कंपनी के कर्मचारी राजेश पाठक उर्फ ‘लाला’ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह सड़क पर फैली रेत (बालू) मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि इससे पहले रेत से लदे एक हाइवा वाहन से हाईवे पर काफी मात्रा में बालू गिर गई थी। रात में हुई हल्की बारिश के कारण सड़क और अधिक फिसलन भरी हो गई। इसी दौरान बस का पहिया बालू पर चढ़ गया, जिससे चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बरगवां थाना प्रभारी समीर वारसी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद कुछ समय तक नेशनल हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मार्ग को सुचारु कराया और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया।

बरगवां थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। यदि जांच में सड़क पर गिरी रेत के कारण हादसा होना पाया जाता है, तो संबंधित वाहन चालक एवं जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर रेत से लदे वाहनों से अक्सर सड़क पर बालू गिरती रहती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और हाईवे की नियमित सफाई कराने की मांग की है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here