Indore Choral River Rescue: इंदौर। मध्यप्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच इंदौर जिले से एक बड़ा हादसा टल गया। चोरल नदी के चौड़ापाट पिकनिक स्पॉट पर घूमने पहुंचे तीन युवक अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से बीच धारा में फंस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और युवाओं ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए रस्सी, बेल्ट और रुमाल की मदद से तीनों युवकों का सफल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पिकनिक मनाना पड़ा भारी
Indore Choral River Rescue: जानकारी के अनुसार, इंदौर के तीन युवक चौड़ापाट पिकनिक स्पॉट पर पार्टी और घूमने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश होने से चोरल नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। देखते ही देखते तेज बहाव ने तीनों युवकों को नदी के बीच घेर लिया, जिससे उनकी जान पर बन आई।
नदी किनारे मची अफरा-तफरी
Indore Choral River Rescue: युवकों के नदी में फंसने की सूचना मिलते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद स्थानीय युवाओं ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने रस्सी, बेल्ट और कपड़ों को जोड़कर अस्थायी सहारा तैयार किया और काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि कुछ मिनट और देरी होती तो तेज बहाव के कारण बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रशासन की चेतावनी के बावजूद पहुंचे युवक
Indore Choral River Rescue: बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन पहले ही चौड़ापाट समेत कई पिकनिक स्थलों पर लोगों के जाने पर प्रतिबंध लगा चुका है। इसके बावजूद तीनों युवक चेतावनी को नजरअंदाज कर नदी किनारे पहुंच गए। उनकी यह लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती थी।
बारिश के मौसम में सतर्क रहने की अपील
Indore Choral River Rescue: प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान नदी, नाले, झरनों और पिकनिक स्पॉट से दूर रहें। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर कुछ ही मिनटों में तेजी से बढ़ सकता है, जिससे गंभीर हादसे हो सकते हैं।यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि प्रशासन की चेतावनी की अनदेखी करना जान के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। समय रहते स्थानीय लोगों की सूझबूझ और साहस के कारण इस घटना में तीनों युवकों की जान बच गई।







