Robbery Case Solved: रायगढ़ कोतवाली पुलिस की बड़ी कामयाबी, लूट की दो वारदातों का खुलासा कर 2 शातिर आरोपी गिरफ्तार

VIKASH KHALKHO

Robbery Case Solved: गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ही रात में लूटपाट की दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैलाने वाले जोगीडीपा क्षेत्र के दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह के कुशल दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को उनके घर से घेराबंदी कर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और वारदातों में इस्तेमाल किया गया धारदार लोहे का चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस त्वरित कार्रवाई के बाद से शहर के व्यापारियों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है।

पहली वारदात: गंगाराम तालाब के पास चाकू मारकर छीनी मोटरसाइकिल

कोतवाली थाना पुलिस से प्राप्त विस्तृत विवरण के अनुसार, लूट की पहली घटना 10 जून 2026 की रात करीब 10 बजे जोगीडीपा गंगाराम तालाब के पास घटित हुई। प्रार्थी किशन साहू (उम्र 27 वर्ष, निवासी चांदमारी) अपने मित्र समीर यादव के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक एचआर-10-9190 से केवड़ाबाड़ी से मधुबनपारा की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपी सन्नी उर्फ प्रकाश कुमार सारथी और उसके साथी शाहीद सारथी ने अपनी मोटरसाइकिल सामने अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए किशन की जेब से जबरन 200 रुपये निकाल लिए। जब प्रार्थी ने विरोध किया, तो आरोपियों ने हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी और सन्नी ने अपने पास रखे चाकू से प्रार्थी पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी प्रार्थी की मोटरसाइकिल लूटकर मौके से फरार हो गए।

दूसरी वारदात: बाबा बिरयानी के पास युवक से छीना कीमती मोबाइल

इस दुस्साहसिक घटना के महज पौने दो घंटे बाद, यानी उसी रात लगभग 11:45 बजे दोनों आरोपियों ने इंदिरानगर स्थित बाबा बिरयानी के पास दूसरी लूट को अंजाम दिया। प्रार्थी अभिषेक नागराज (उम्र 25 वर्ष) केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से पैदल अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह अपने घर के पास गली में स्थित बोरिंग के समीप पहुंचा, मोटरसाइकिल सवार सन्नी और शाहीद वहां आ धमके। दोनों बदमाशों ने अभिषेक को चाकू दिखाकर पैसों की मांग की। अभिषेक द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर दोनों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसकी जेब में रखा पोको कंपनी का 5जी मोबाइल फोन जबरन छीनकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घर में दी दबिश, आरोपी गिरफ्तार

एक ही रात में लूट की दो गंभीर वारदातों को देखते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। आरोपी अपने घरों से फरार थे, जिसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। कल पुलिस को सटीक सूचना मिली कि दोनों आरोपी जोगीडीपा स्थित अपने मकानों में छिपे हुए हैं। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए दबिश देकर आरोपी सन्नी उर्फ प्रकाश कुमार सारथी (25 वर्ष) और शाहीद सारथी (18 वर्ष 4 माह) को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

लाखों का मसरूका बरामद, एसएसपी ने दिया अपराधियों को कड़ा संदेश

पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर मुख्य आरोपी प्रकाश कुमार सारथी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू और लूटी गई मोटरसाइकिल (कीमत करीब 30 हजार रुपये) बरामद की, जबकि दूसरे आरोपी शाहीद सारथी के कब्जे से लूटा गया कीमती मोबाइल फोन (कीमत करीब 5 हजार रुपये) जब्त किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 309/2026 और 310/2026 पंजीबद्ध कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस शानदार कामयाबी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा, आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप बेहरा, मुरली पटेल और भगवती रत्नाकर की मुख्य भूमिका रही।

इस सफलता पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों और आम जनता में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों को रायगढ़ जिले में किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस की यह कठोर दंडात्मक कार्रवाई भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगी।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *