Facebook Friendship Fraud : गौरी शंकर गुप्ता/जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद एक शिक्षिका के यौन शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने विभाग के ही एक आरक्षक के खिलाफ दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह मामला सोशल मीडिया के खतरों और भरोसे के दुरुपयोग का एक गंभीर उदाहरण बनकर उभरा है।
फेसबुक से शुरू हुई थी कहानी मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता जो कि पेशे से शिक्षिका है, उसकी पहचान कुछ समय पहले फेसबुक के माध्यम से आरोपी आरक्षक से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
शोषण और जबरन गर्भपात का आरोप पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने शादी का वादा निभाए बिना डरा-धमकाकर उसका गर्भपात करा दिया। लंबे समय तक शादी का भरोसा देकर आरोपी शिक्षिका का शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा। जब भी शिक्षिका ने विवाह के लिए दबाव बनाया, आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर मुकर जाता था। अंततः आरोपी के इरादों को भांपते हुए पीड़िता ने कानून की शरण लेने का फैसला किया।
पुलिस की कार्रवाई मामले की गंभीरता और आरोपी के पुलिस विभाग से जुड़े होने के कारण पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जशपुर पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी आरक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें भेजी गई हैं।
यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस ने आम जनता, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से दोस्ती करते समय सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें।









