Thalapathy Vijay Oath CeremonyTamil Nadu CM : तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। टीवीके (तमिलगा वेत्री कझगम) प्रमुख थलापति विजय के नेतृत्व में राज्य में नई सरकार बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। आज यानी 9 मई शनिवार सुबह 11 बजे विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं, जिसके साथ ही तमिलनाडु को नया नेतृत्व मिलने जा रहा है।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने शुक्रवार देर शाम विजय को सरकार बनाने का न्योता दिया था। इसके बाद राजभवन में हुई मुलाकात में विजय ने इस जिम्मेदारी को स्वीकार कर लिया।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद सरकार गठन पर मुहर
सूत्रों के अनुसार, विजय ने राज्यपाल को बताया कि उनके पास 121 विधायकों का समर्थन है। इसके बाद सरकार गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अनुमति मिल गई। बताया जा रहा है कि यह समर्थन कई दलों के गठबंधन से हासिल हुआ है, जिससे टीवीके की स्थिति मजबूत हुई है।
Read more : आज बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे सुवेंदु अधिकारी! PM मोदी, गृहमंत्री शाह समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल
गठबंधन से मिला बड़ा समर्थन
टीवीके को कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई(एम), वीसीके सहित कई दलों का समर्थन मिला है।
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के 5 विधायक, सीपीआई के 2, सीपीआई(एम) के 2 और वीसीके के 2 विधायक टीवीके के समर्थन में आए हैं।इसके अलावा एएमएमके और आईयूएमएल के कुछ विधायकों के समर्थन ने भी समीकरण को बदल दिया है।
अंतिम समय में बनी सहमति
हालांकि शुरुआत में कुछ राजनीतिक अड़चनें सामने आई थीं, लेकिन अंतिम दौर की बातचीत के बाद सभी प्रमुख दलों ने टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया। इसके बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई और सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई।
राजनीति से सिनेमा तक, अब सत्ता की कमान
थलापति विजय का राजनीति में यह सफर तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। अभिनेता से नेता बने विजय अब राज्य की सत्ता संभालने जा रहे हैं।
उनके समर्थकों में विकास, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर नई उम्मीदें देखी जा रही हैं। माना जा रहा है कि उनकी सरकार राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगी।









