IPL 2026 Security Guidelines : आईपीएल 2026 सीजन के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और फ्रेंचाइजी मालिकों के लिए नई और सख्त सुरक्षा गाइडलाइन जारी कर दी है। बोर्ड ने संभावित हनी-ट्रैप, गोपनीय जानकारी लीक होने और सुरक्षा प्रोटोकॉल उल्लंघन की आशंका को देखते हुए सभी 10 टीमों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है।
हनी-ट्रैप और डेटा लीक को लेकर बढ़ी चिंता
रिपोर्ट्स के मुताबिक, IPL 2026 के दौरान कुछ खिलाड़ियों और टीम से जुड़े लोगों के निजी संपर्कों को लेकर एंटी करप्शन यूनिट ने चिंता जताई थी। BCCI को आशंका है कि अनजान लोगों के जरिए टीम रणनीति, प्लेइंग इलेवन और अन्य संवेदनशील जानकारी बाहर पहुंच सकती है। इसी खतरे को देखते हुए बोर्ड ने 8 पेज की विस्तृत एडवाइजरी जारी की है।
होटल और ड्रेसिंग रूम में सख्त नियम लागू
नई गाइडलाइन के अनुसार, किसी भी खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ के होटल रूम में बाहरी व्यक्ति की एंट्री बिना टीम मैनेजर की लिखित अनुमति के नहीं होगी। मेहमानों को सिर्फ होटल लॉबी या रिसेप्शन एरिया तक ही सीमित रखा जाएगा।
इसके अलावा, ड्रेसिंग रूम और टीम एरिया में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। टीम मालिकों और अधिकारियों को मैच के दौरान खिलाड़ियों से बातचीत या निर्देश देने की अनुमति नहीं होगी।
Read more : धोनी का नया रिकॉर्ड! बिहार-झारखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत टैक्सदाता बने ‘थाला’… छाप रहे करोड़ों
खिलाड़ियों और अधिकारियों को हर समय पहनना होगा ID कार्ड
BCCI ने स्पष्ट किया है कि सभी खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और टीम अधिकारियों को होटल और स्टेडियम परिसर में हर समय अपना एक्रेडिटेशन कार्ड पहनना अनिवार्य होगा। इससे सुरक्षा एजेंसियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में आसानी होगी।
अचानक होटल जांच करेगी स्पेशल टास्क फोर्स
बोर्ड ने BCCI और IPL ऑपरेशन टीम की संयुक्त टास्क फोर्स भी बनाई है। यह टीम किसी भी समय होटल की जांच कर सकती है। यदि कोई अनधिकृत व्यक्ति खिलाड़ियों या अधिकारियों के कमरे में पाया जाता है, तो संबंधित टीम और व्यक्ति पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
फ्रेंचाइजियों को सतर्क रहने की सलाह
BCCI ने फ्रेंचाइजी मालिकों और अधिकारियों को साफ संदेश दिया है कि हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट के दौरान हनी-ट्रैप और कानूनी विवाद जैसे मामले तेजी से बढ़ सकते हैं। इसलिए सभी टीमों को प्रोफेशनल आचरण बनाए रखने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा गया है।
IPL में सुरक्षा और अनुशासन पर फोकस
बोर्ड का मानना है कि IPL सिर्फ क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि एक ग्लोबल स्पोर्ट्स ब्रांड है। ऐसे में खिलाड़ियों की सुरक्षा, मैच की निष्पक्षता और लीग की विश्वसनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है। यही वजह है कि इस बार BCCI किसी भी तरह की लापरवाही के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की तैयारी में है।









