भोपाल में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन! MDMA ड्रग के साथ आरोपी गिरफ्तार

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हनुमानगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को एमडीएमए (MDMA) ड्रग के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत की नशीली सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस को 28 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक नगर निगम की निर्माणाधीन बिल्डिंग, बाल विहार क्षेत्र के पास संदिग्ध हालत में घूम रहा है और उसके पास अवैध नशीला पदार्थ मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद ब्राउन रंग के पर्स से सफेद क्रिस्टलनुमा पदार्थ बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह पदार्थ एमडीएमए ड्रग पाया गया, जिसे आमतौर पर पार्टी ड्रग के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जा रही थी।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

हनुमानगंज पुलिस की इस कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।

युवाओं को बचाने के लिए अभियान तेज

राजधानी भोपाल में लगातार बढ़ते नशे के मामलों को देखते हुए पुलिस अब अधिक सतर्क नजर आ रही है। खासकर युवाओं को ड्रग्स की लत से बचाने के लिए शहर में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *