Indore Drug Smuggler Arrested : इंदौर: शहर में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘क्लीन स्वीप’ अभियान के तहत द्वारकापुरी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शहर और देहात के 3 दर्जन से अधिक गंभीर मामलों में फरार चल रहे कुख्यात बदमाश और तस्कर राहुल सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई ने नशा तस्करों के नेटवर्क को करारा झटका दिया है।
पुरानी कड़ी से खुला राज: यह गिरफ्तारी दो महीने पहले पकड़े गए एक मामले का परिणाम है। दरअसल, द्वारकापुरी पुलिस ने सूरज भील नामक आरोपी को 18 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दबोचा था। जब पुलिस ने इस तस्करी की ‘बैक ट्रेस’ जांच (पिछली कड़ियों की पड़ताल) की, तो पता चला कि नशे की इस खेप का मुख्य सप्लायर राहुल सोनकर था। तभी से पुलिस उसकी घेराबंदी में जुटी थी।
रिकॉर्डेड हिस्ट्रीशीटर है आरोपी: पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राहुल सोनकर (पिता भूरा सोनकर), निवासी राजमोहल्ला, एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ इंदौर और आसपास के जिलों में हत्या के प्रयास, जानलेवा हमले और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे 36 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे राजमोहल्ला क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा। फिलहाल पुलिस आरोपी से उसके अन्य साथियों और सप्लाई चेन के बारे में कड़ी पूछताछ कर रही है।











