M.P News : शाजापुर में बारात बस में भीषण आग, 50 बाराती बाल-बाल बचे, बस जलकर खाक, ड्राइवर मौके से फरार

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे-52 पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया। इंदौर से गुना बारात लेकर जा रही एक स्लीपर कोच बस में अचानक आग लग गई, जिससे देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई।

समय रहते कूदकर बचाई जान

घटना ग्राम सनकोटा के पास हुई, जहां बस के केबिन में आगे की ओर से आग भड़क उठी। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार करीब 50 बारातियों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

ड्राइवर मौके से हुआ फरार

हादसे के दौरान बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे यात्रियों में और अधिक घबराहट फैल गई। पुलिस अब चालक और क्लीनर की तलाश में जुटी है।
Read more : न्याय और आस्था का संगम! बागेश्वर धाम पहुंचे पूर्व CJI बी.आर. गवई, परिवार संग किए बागेश्वर बालाजी के दर्शन

दमकल की टीम ने पाया काबू

सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

बारातियों का सामान हुआ राख

दूल्हे के भाई के अनुसार, बस की स्थिति पहले से ही खराब लग रही थी और इस बारे में चालक को आगाह भी किया गया था। बावजूद इसके यात्रा जारी रखी गई। हादसे में बारातियों का सारा सामान, जिसमें कपड़े, जेवर और नकदी शामिल थे, जलकर राख हो गया।

प्रशासन मौके पर, जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर और एसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *