CG NEWS: ऑपरेशन आघात’ में बड़ी कामयाबी: रायगढ़ पुलिस ने 60 किलो गांजा के साथ 2 तस्कर दबोचे, 20 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

Sanjay Sahu

 

रायगढ़:- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना तमनार पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ओडिशा से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 60 किलोग्राम गांजा, कार और मोबाइल समेत कुल 20 लाख 24 हजार 750 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

नाकेबंदी में पकड़ी गई तस्करी की कार

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक सफेद रंग की कार में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तमनार थाना क्षेत्र के धौराभांठा मेन रोड पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।

जांच के दौरान कार (स्विफ्ट डिजायर) की डिक्की से 9 पैकेटों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर इसकी मात्रा 60 किलोग्राम पाई गई, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

READ MORE:CG NEWS: ऑपरेशन ‘आघात’ का असर: रायगढ़ में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

दो आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा कनेक्शन उजागर

वाहन में सवार आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम सोहन लाल सिदार (40) और विनोद प्रधान (33) बताया, जो तमनार क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि वे ओडिशा के संबलपुर निवासी कमल मेहर से संपर्क कर गांजा लाकर अवैध बिक्री के लिए परिवहन कर रहे थे। मामले में तीसरा आरोपी कमल मेहर फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

कार और मोबाइल समेत बड़ी जब्ती

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 किलो गांजा के अलावा एक स्विफ्ट डिजायर कार (कीमत करीब 5 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल मिलाकर जब्त संपत्ति की कीमत 20 लाख 24 हजार 750 रुपये आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

इस मामले में थाना तमनार में धारा 20 (बी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

READ MORE: C.G News : रायपुर में आज ट्रैफिक रहेगा प्रभावित, आक्रोश रैली के चलते कई रास्ते बंद

एसएसपी का सख्त संदेश

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।”

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *