निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही इंडिगो फ्लाइट (6E 579) की इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी सामने आने के बाद पायलट ने तुरंत आपात स्थिति घोषित करते हुए लैंडिंग की अनुमति मांगी।
इंजन में आई खराबी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान के एक इंजन में तकनीकी गड़बड़ी आ गई थी। स्थिति को देखते हुए सुबह 10:39 बजे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
Read More : CG News: 31 मार्च तक प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरा तो होगी सख्त कार्रवाई, रायपुर नगर निगम ने दी चेतावनी
पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
पायलट की तत्परता और सूझबूझ के चलते विमान को सुरक्षित तरीके से सुबह 10:59 बजे रनवे 28 पर उतारा गया। इससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
दमकल और एंबुलेंस रही तैनात
इमरजेंसी कॉल सुबह 10:53 बजे फायर विभाग को मिली, जिसके तुरंत बाद दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस एयरपोर्ट पर तैनात कर दी गईं। रनवे के चारों ओर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
सभी यात्री सुरक्षित
विमान में सवार 161 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी भी यात्री को चोट या नुकसान की कोई खबर नहीं है, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।
एयरलाइन की प्रतिक्रिया का इंतजार
घटना के बाद इंडिगो एयरलाइन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, तकनीकी जांच के बाद ही खराबी के सही कारणों का पता चल सकेगा।

