मुंबई। Raja Murder Case : हमेशा अपने तीखे तेवर और बेबाक बयानों के लिए चर्चा में रहने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर एक संवेदनशील मुद्दे को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। इंस्टाग्राम स्टोरी पर कंगना ने हाल ही में सामने आए एक क्रूर हत्या के मामले पर गहरी चिंता जताते हुए समाज में फैली मूर्खता को सबसे बड़ा खतरा बताया है।
Raja Murder Case : कंगना ने बिना किसी का नाम लिए लिखा, “यह कितना बेतुका है कि एक महिला अपने माता-पिता से डरकर शादी से इनकार नहीं कर सकती, लेकिन सुपारी किलर के साथ मिलकर एक ठंडे दिमाग से हत्या की योजना बना सकती है। यह बात सुबह से मेरे दिमाग में घूम रही है और मैं इसे समझ नहीं पा रही हूं।”
उन्होंने आगे लिखा, “वह महिला न तलाक ले सकी, न ही प्रेमी के साथ भाग सकी। कितना क्रूर, जघन्य और सबसे बढ़कर – मूर्खतापूर्ण। हम मूर्ख लोगों को अक्सर हल्के में लेते हैं, उन पर हँसते हैं, लेकिन असल में यही लोग समाज के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।”
कंगना ने यह भी चेतावनी दी कि “बुद्धिमान लोग अपने स्वार्थ के लिए चालें चलते हैं, लेकिन एक मूर्ख व्यक्ति बिना सोचे-समझे इतना नुकसान कर सकता है, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। हमें अपने आसपास के मूर्खों के प्रति ज्यादा सतर्क रहने की ज़रूरत है।”
हालांकि कंगना ने अपने पोस्ट में किसी केस का सीधा ज़िक्र नहीं किया, लेकिन माना जा रहा है कि यह टिप्पणी हाल में सामने आए एक प्रेम प्रसंग में हत्या की घटना पर आधारित है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।













