अमेरिका ने ईरान के 10 बारूदी नाव किए ‘नेस्तनाबूत’, बोले ट्रंप- होर्मुज में तेल टैंकरों को अगर नुकसान पहुंचाया तो…

Rahul Goshwami
Donald Trump

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस संवेदनशील समुद्री मार्ग की सुरक्षा को लेकर वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर इस जलमार्ग में बारूदी सुरंगें बिछाई गईं, तो ईरान को ऐसे सैन्य परिणामों का सामना करना पड़ेगा जो पहले कभी नहीं देखे गए।

ट्रंप का कड़ा बयान

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा कि फिलहाल अमेरिका के पास ऐसी कोई आधिकारिक रिपोर्ट नहीं है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरंगें बिछाई हैं।

उन्होंने कहा कि अगर किसी भी कारण से सुरंगें बिछाई गई हैं तो उन्हें तुरंत हटाया जाना चाहिए। ट्रंप के अनुसार यदि ईरान ऐसा करता है तो यह स्थिति को सामान्य करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।

‘सुरंगें नहीं हटाईं तो गंभीर परिणाम’

ट्रंप ने अपने बयान में साफ कहा कि अगर ईरान ने बारूदी सुरंगें बिछाईं और उन्हें तुरंत नहीं हटाया, तो उसे गंभीर सैन्य परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका ने हाल ही में 10 निष्क्रिय बारूदी सुरंग बिछाने वाले जहाजों को निशाना बनाकर नष्ट कर दिया है और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अमेरिकी सेना का बयान

अमेरिकी सेना के यूएस सेंट्रल कमांड ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है। इसमें कहा गया कि अमेरिकी सेनाएं समुद्र में शक्ति प्रदर्शन करते हुए ईरानी गतिविधियों को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं।

अमेरिका का कहना है कि ईरानी सेनाएं कई वर्षों से उन जलक्षेत्रों में नौवहन की स्वतंत्रता के लिए खतरा बनी हुई हैं, जो वैश्विक व्यापार और सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

Read More : C.G Weather : छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी! कई जिलों में तापमान सामान्य से 2–4 डिग्री अधिक

पश्चिम एशिया में तेजी से बिगड़ते हालात

इधर क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति तेजी से बिगड़ती जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने जवाबी कार्रवाई में मिसाइलों और ड्रोन से कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों, दूतावासों और ऊर्जा ढांचों को निशाना बनाया है।

ये हमले संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, कतर, कुवैत, बहरीन और जॉर्डन जैसे देशों में बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।

वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर असर

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री तेल मार्गों में से एक है। अनुमान है कि दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत तेल आपूर्ति इसी रास्ते से गुजरती है।

ऐसे में अगर इस क्षेत्र में तनाव और बढ़ता है तो इसका असर वैश्विक ऊर्जा बाजार, तेल की कीमतों और विश्व अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता यह संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रीय मुद्दा नहीं रहा, बल्कि वैश्विक चिंता का विषय बनता जा रहा है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *