Saturday, August 22, 2026
Home Chhattisgarh Chhattisgarh Shiksha Samwad 2026 : ‘शिक्षा संवाद छत्तीसगढ़ 2026’ विवादों के घेरे...

Chhattisgarh Shiksha Samwad 2026 : ‘शिक्षा संवाद छत्तीसगढ़ 2026’ विवादों के घेरे में; इवेंट कंपनी पर वसूली के आरोप, उच्च शिक्षा मंत्री ने बिठाई जांच

Chhattisgarh Shiksha Samwad 2026 : रायपुर (14 फरवरी 2026): राजधानी रायपुर में 17 फरवरी को प्रस्तावित ‘शिक्षा संवाद छत्तीसगढ़ 2026’ कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही बड़े विवादों में घिर गया है। नोएडा स्थित इवेंट कंपनी इलेट्स टेक्नोमीडिया पर आरोप है कि उसने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव एस. भारती दासन के एक पत्र का गलत इस्तेमाल कर निजी विश्वविद्यालयों से स्पॉन्सरशिप के नाम पर भारी भरकम वसूली की है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, कंपनी ने उच्च शिक्षा विभाग से इस कार्यक्रम को ‘फ्री ऑफ कॉस्ट’ बताकर सरकारी लोगो और लेटरहेड इस्तेमाल करने की अनुमति ली थी। विभाग के सचिव ने इसी आधार पर पत्र जारी किया था। आरोप है कि इसी पत्र को ‘सरकारी वैधता’ के रूप में पेश कर कंपनी ने प्रदेश की कई प्राइवेट यूनिवर्सिटीज से लाखों रुपये का फंड जुटा लिया, जबकि यह पूरी तरह से एक निजी मुनाफा कमाने वाला आयोजन है।

कुलपति और विपक्ष के सवाल

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति महादेव कावरे ने पुष्टि की है कि आयोजक उनके पास आए थे और सचिव का पत्र दिखाकर इसे सरकारी कार्यक्रम बताया था। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सचिव के पत्र को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने याद दिलाया कि यही कंपनी मध्य प्रदेश में भी इसी तरह के विवाद में फंस चुकी है, जिसके बाद वहां कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था।

मंत्री के निर्देश और कंपनी की चुप्पी

उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मुझे मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी मिली है। सरकारी पत्रों का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैंने तत्काल अधिकारियों को इस पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।” दूसरी ओर, इवेंट कंपनी के मालिक रवि गुप्ता ने इस संबंध में अभी तक कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here