Tuesday, August 18, 2026
Home Madhya Pradesh Indore Indore Vijay Nagar Suicide Case : इंदौर के विजय नगर में सनसनी:...

Indore Vijay Nagar Suicide Case : इंदौर के विजय नगर में सनसनी: बैंक कुर्की की कार्रवाई के दौरान व्यक्ति ने खुद को मारी गोली, मौत

Indore Vijay Nagar Suicide Case : इंदौर (09 फरवरी 2026): शहर के विजय नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कोर्ट के आदेश पर मॉर्गेज लोन की कुर्की करने पहुंची बैंक टीम के सामने एक व्यक्ति ने खुद को गोली मार ली। मृतक की पहचान 51 वर्षीय हेमंत ब्रह्मवंशी के रूप में हुई है, जो स्वयं भी बैंकिंग क्षेत्र (इंदौर पब्लिक कॉपरेटिव बैंक) से जुड़े हुए थे।

कुर्की की कार्रवाई के दौरान उठाया आत्मघाती कदम

जानकारी के अनुसार, बैंक ऑफ महाराष्ट्र की एक टीम कोर्ट के आदेश के बाद हेमंत ब्रह्मवंशी के निवास पर मॉर्गेज लोन की कुर्की और कब्जे की कार्रवाई करने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि बैंक टीम की मौजूदगी और कानूनी दबाव से हेमंत काफी परेशान और तनाव में आ गए थे। इसी बीच उन्होंने घर के अंदर जाकर लाइसेंसी बंदूक निकाली और खुद को गोली मार ली।

मौके पर ही तोड़ा दम

गोली की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग मौके पर पहुँचे, हेमंत की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम घटना स्थल पर पहुंची। शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि जिस बंदूक से गोली मारी गई, वह संभवतः उनके पिता एसडी ब्रह्मवंशी की लाइसेंसी बंदूक थी।

सहकर्मियों और परिवार में शोक

मृतक हेमंत ब्रह्मवंशी इंदौर पब्लिक कॉपरेटिव बैंक में कार्यरत थे। एक बैंक कर्मी द्वारा बैंक की ही कुर्की कार्रवाई से आहत होकर ऐसा कदम उठाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बैंक अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है कि कार्रवाई के दौरान क्या परिस्थितियां बनी थीं।

पुलिस जांच में जुटी

विजयनगर पुलिस का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या बैंक की टीम द्वारा मृतक पर कोई अतिरिक्त दबाव बनाया गया था या प्रक्रिया के दौरान कोई अनहोनी हुई थी। फिलहाल, पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और मामले की सूक्ष्मता से जांच जारी है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here