Shoeb Dhebar FIR Raipur : रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रसूख और सत्ता के अहंकार का एक नया मामला सामने आया है। पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे और शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर पर एक बुजुर्ग स्कूल संचालक के साथ बीच सड़क पर गाली-गलौज करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। तेलीबांधा पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी अब भी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।

घटना 6 फरवरी की रात की है, जब विधायक कॉलोनी निवासी और विशेष बच्चों के स्कूल संचालक आरबी मिश्रा राम मंदिर दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान वीआईपी रोड पर शोएब ढेबर की तेज रफ्तार एंडेवर कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। जब पीड़ित ने सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी, तो आरोपी ने बीच सड़क पर अपनी गाड़ी रोक दी और बुजुर्ग के साथ अभद्रता शुरू कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करते हुए देखा जा सकता है।
शोएब ढेबर का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी वह जेल परिसर में सुरक्षाकर्मियों से बदसलूकी करने, क्लबों में मारपीट और यहां तक कि फायरिंग जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। बार-बार अपराध करने के बावजूद आरोपी के हौसले इतने बुलंद हैं कि उसने इस बार एक प्रतिष्ठित नागरिक को अपना निशाना बनाया। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर नागरिकों ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
तेलीबांधा थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़ित की शिकायत और मौके पर मौजूद गवाहों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने वीडियो फुटेज को साक्ष्य के तौर पर जब्त किया है। हालांकि, घटना के बाद से ही आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन शहर में यह चर्चा आम है कि क्या पुलिस रसूखदार परिवार के इस सदस्य पर सख्त कानूनी कार्रवाई कर पाएगी?









