रीवा : रीवा जिले के सेमरिया क्षेत्र में बुजुर्ग लक्ष्मण प्रजापति के साथ हुई दिल दहला देने वाली घटना के सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस अमानवीय वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। घटना के बाद से फरार आरोपी मुंबई भागने की फिराक में थे, लेकिन सेमरिया पुलिस ने समय रहते उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
मुंबई भागने की तैयारी में थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने एक रिश्तेदार के घर छिपे हुए थे। योजना थी कि रात की ट्रेन से मुंबई फरार हो जाएं। इसी दौरान पुलिस के मजबूत मुखबिर तंत्र से सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
नाबालिग समेत 6 आरोपी हिरासत में
सेमरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 मुख्य आरोपियों, उन्हें पनाह देने वाले एक रिश्तेदार और एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई करीब 90 हजार रुपये की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
बीच बाजार निकाला गया पैदल जुलूस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का सेमरिया के मेन मार्केट में पैदल जुलूस निकाला। इस कार्रवाई का उद्देश्य साफ था—अपराधियों में कानून का डर पैदा करना और आम जनता को यह संदेश देना कि ऐसी हैवानियत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्या था पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने साइकिल से जा रहे बुजुर्ग लक्ष्मण प्रजापति को अपनी बाइक से बांध दिया और कई किलोमीटर तक सड़क पर घसीटते रहे। इस क्रूरता ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया था।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।











