Friday, September 25, 2026
Home Madhya Pradesh International Free Health Camp : कैंसर और हृदय रोगों का घर बैठे...

International Free Health Camp : कैंसर और हृदय रोगों का घर बैठे मिला उपचार: अमेरिकी विशेषज्ञों की सेवाओं से बड़वानी में जगाई नई उम्मीद

International Free Health Camp : बड़वानी: रोटरी क्लब बड़वानी एवं रोटरी क्लब बड़वानी सिटी की अभिनव पहल “रोटरी मेडिकल यात्रा 2026” का शनिवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस अंतरराष्ट्रीय निःशुल्क सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा शिविर ने बड़वानी जिले के लिए एक नई स्वास्थ्य मिसाल पेश की है। शिविर का उद्देश्य उन गंभीर रोगों से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना था, जो आर्थिक अभाव या दूरी के कारण बड़े शहरों तक नहीं पहुँच पाते थे।

इस शिविर की सबसे बड़ी विशेषता अमेरिका से संबद्ध संस्था APINO USA की टीम की भागीदारी रही। सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. केली व्हेली, डॉ. सारथ कुचिपुडी एवं डॉ. वाना मुदुनुरी ने अपनी विशिष्ट सेवाएं प्रदान कीं।

इस दौरान हृदय रोग, कैंसर, रीढ़ एवं स्पाइनल समस्याएं, मधुमेह, और शिशु रोगों सहित कई जटिल बीमारियों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग और परामर्श दिया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने प्रत्येक मरीज की गहन जांच कर उन्हें उचित उपचार और भविष्य की देखभाल के लिए मार्गदर्शन दिया।

आयोजन का विधिवत समापन 24 जनवरी को जिला न्यायालय के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के साथ हुआ। इस अवसर पर न्यायालय के माननीय जज, वरिष्ठ अधिवक्ता, समाजसेवी और रोटरी क्लब के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अतिथियों ने रोटरी क्लब के इस “घर पहुंच अभियान” को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को भी विश्वस्तरीय चिकित्सा का लाभ मिलना संभव हो पाया है।

समापन कार्यक्रम में रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने सहयोग करने वाली सभी संस्थाओं, विशेषकर श्री साईं बाबा जीवनधारा हॉस्पिटल प्रबंधन और निःस्वार्थ सेवा देने वाले स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। क्लब ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रखेंगे ताकि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाया जा सके।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here