Barwani Sewerage Overflow : बड़वानी। जिला मुख्यालय के पानवाड़ी क्षेत्र में सीवरेज पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनी की लापरवाही अब आम जनता की जान पर बन आई है। वार्ड क्रमांक 13 में सीवरेज चैंबरों के ओवरफ्लो होने के कारण पूरा मोहल्ला गंदगी और भीषण बदबू की चपेट में है। वर्षों से चल रहे इस काम ने स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल कर दिया है, जिसके विरोध में आज बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने प्रशासन और कंपनी के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया।
हैंडपंप के पास जमा हो रहा दूषित पानी: वार्डवासियों ने एक गंभीर खतरे की ओर इशारा करते हुए बताया कि जिस स्थान पर सीवरेज का गंदा पानी जमा हो रहा है, ठीक वहीं पास में पीने के पानी का हैंडपंप है। निवासियों को डर है कि यह दूषित पानी जमीन के अंदर रिसकर हैंडपंप के जलस्रोत को जहरीला बना देगा, जिससे पूरे वार्ड में महामारी फैल सकती है।
पुरानी नालियां बंद होने से बढ़ी मुसीबत: स्थानीय निवासी ज्योति सावले और मेज़मिन खान का आरोप है कि सीवरेज निर्माण के दौरान पुरानी बनी-बनाई नालियों को बंद कर दिया गया। अब नए सीवरेज चैंबर छोटे और घटिया क्वालिटी के हैं, जो जरा से दबाव में ओवरफ्लो हो जाते हैं। गंदा पानी अब लोगों के घरों की दहलीज तक पहुँच रहा है, जिससे लोग बीमार हो रहे हैं।
6-7 साल से अधूरा काम, पार्षद का गंभीर आरोप: वार्ड पार्षद मुजीद कुरैशी ने संबंधित सीवरेज कंपनी पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि पिछले 6-7 सालों से शहरवासी इस प्रोजेक्ट की कछुआ चाल से परेशान हैं। कंपनी केवल खानापूर्ति कर रही है और प्रशासन के उच्च अधिकारियों को बार-बार सूचित करने के बावजूद केवल आश्वासन मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।











