Rajnandgaon Illegal Paddy Seized : राजनांदगांव। धान खरीदी के अंतिम दिनों में अंतर्राज्यीय सीमा पर सक्रिय माफियाओं के खिलाफ कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पाटेकोहरा बॉर्डर और एनएच-53 पर घेराबंदी कर 6 बड़े ट्रकों और 4 पिकअप वाहनों को जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में कुल 845 क्विंटल (2170 कट्टा) धान बरामद हुआ है, जिसकी कुल कीमत 1 करोड़ 46 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
महाराष्ट्र से आ रहे थे धान लदे ट्रक: प्रशासनिक टीम ने चेकिंग के दौरान महाराष्ट्र की ओर से आ रहे 6 ट्रकों को पकड़ा। जांच में पाया गया कि यह धान उपार्जन केंद्रों में अवैध रूप से खपाने के लिए लाया जा रहा था। पकड़े गए ट्रकों में एमएच 14 एचयू 4811, एमएच 15 जीव्ही 4376, एमएच 35 एजे 3499 सहित अन्य वाहन शामिल हैं।
बड़े नामों का खुलासा, 10 पर मामला दर्ज: इस मामले में पुलिस ने संगठित रूप से धान खपाने वाले 10 आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों में महाराष्ट्र के आमगांव के ओम गुप्ता, नितिन अग्रवाल, पंकज अग्रवाल और डोंगरगढ़ के विष्णु अग्रवाल जैसे बड़े नाम शामिल हैं। पुलिस ने इनमें से एक बिचौलिए को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
कलेक्टर की कड़ी चेतावनी: कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी के आखिरी समय में कोचियों की सक्रियता को देखते हुए बॉर्डर चेकपोस्टों पर 24 घंटे निगरानी की जा रही है। किसी भी स्थिति में अन्य राज्यों का धान छत्तीसगढ़ के केंद्रों में नहीं खपाने दिया जाएगा और संलिप्त लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









