Mungeli News : कलेक्टर ने ली राइस मिलर्स की बैठक, धान खरीदी में पारदर्शिता के लिए प्रशासन सख्त, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

0
191
Mungeli News
Mungeli News

Mungeli News : साजिद खान /मुंगेली : धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में जिले के राइस मिलर्स की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धान परिवहन में उपयोग होने वाले सभी वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक वाहन में जीपीएस सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राइस मिलों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

Mungeli News : कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर धान खरीदी पूर्ण करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए मिलर्स धान उठाव कार्य में तेजी लाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि धान खरीदी एवं कस्टम मिलिंग में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित राइस मिलर्स के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने कहा कि बिना जीपीएस युक्त वाहनों से धान परिवहन की अनुमति नहीं दी जाएगी। राइस मिल परिसरों में सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।

Mungeli News : उन्होंने अवैध कस्टम मिलिंग, ओवरलोडिंग एवं रीसाइक्लिंग में संलिप्त राइस मिलर्स के विरुद्ध जांच प्रतिवेदन के आधार पर कठोर कार्रवाई करने की बात कही। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने राइस मिलर्स को शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा धान खरीदी प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने दोहराया कि किसानों के हितों की रक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और उनके एक-एक दाने की खरीदी पारदर्शी तरीके से की जाएगी। किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जीवाड़ा या लापरवाही पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here