Indore News : इंदौर : स्वच्छता में नंबर वन का दम भरने वाले शहर इंदौर की जल वितरण प्रणाली अब शहरवासियों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों और बीमारी के बाद अब राजनीति का पारा चढ़ गया है। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शहर के विभिन्न वार्डों का सघन दौरा किया, जहां सिंघार पीएच किट लेकर पहुंचे और जांच के बाद उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
Indore News : जब उमंग सिंघार आजाद नगर पहुंचे, तो वहां की महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और अपनी व्यथा सुनाई। महिलाओं का कहना है कि नलों से न केवल बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है, बल्कि उसमें जिंदा कीड़े भी निकल रहे हैं। यह स्थिति केवल एक इलाके की नहीं, बल्कि भागीरथपुरा, द्वारकापुरी और अब आजाद नगर में भी पैर पसार रही है। सिंघार केवल दौरा करने नहीं, बल्कि ठोस सबूतों के साथ पहुंचे थे।
Indore News : उन्होंने अपने साथ लाए पीएच फिल्टर और वॉटर टेस्टिंग किट से मौके पर ही पानी की जांच की। जांच के नतीजे बेहद चिंताजनक और डरावने निकले। पानी का पीएच लेवल और शुद्धता मानक स्तर से काफी नीचे पाई गई, जो सीधे तौर पर स्वास्थ्य के लिए घातक है। जिसके बाद सिंधार ने कहा कि कस्वच्छता का अवार्ड क्या केवल कागजों पर है? सिंघार ने बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री और महापौर को कटघरे में खड़ा करते हुए सवाल किया कि क्या नगर निगम सो रहा है? क्या प्रशासन को जनता की जान की कोई परवाह नहीं है?” उन्होंने मांग की कि दिल्ली से आईसीएमआर की टीम इंदौर आकर हर वार्ड से पानी के सैंपल ले। साथ ही शहर के हर इलाके के पानी के सेंपलों की जांच की जाए ताकि शहर के लोगों को साफ और स्वच्छ पानी मिल सके।











