Newborn Dead Body : बुरहानपुर। जिले के निंबोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चुलखान में मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। यहाँ एक कलयुगी माँ द्वारा अपने नवजात शिशु को खेत के पास लावारिस फेंक दिया गया, जिसके बाद भूख से तड़प रहे कुत्तों ने मासूम को अपना निवाला बना लिया। मंगलवार को चुलखान ग्राम पंचायत भवन के पास नवजात का अर्द्ध अवस्था में केवल धड़ मिला है, जिसे देखकर ग्रामीणों की रूह कांप गई।
मिली जानकारी के अनुसार, चुलखान ग्राम पंचायत के पास स्थित खेत के किनारे ग्रामीणों ने एक नवजात का क्षत-विक्षत शव देखा। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसे पहचानना भी मुश्किल हो रहा था। बताया जा रहा है कि नवजात को जन्म के तुरंत बाद वहां फेंका गया था, जिसके बाद आवारा कुत्तों ने उसे नोच-नोच कर उसका आधा शरीर खा लिया। घटनास्थल पर केवल मासूम का धड़ बचा हुआ मिला है।
घटना की सूचना मिलते ही निंबोला पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद मासूम के अवशेषों को सम्मानपूर्वक एकत्रित किया और पंचनामा बनाकर शव को वहीं दफना दिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है। लोग कलयुगी माँ की इस निर्दयता की जमकर निंदा कर रहे हैं।
निंबोला पुलिस ने अज्ञात आरोपी महिला के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों से हाल ही में हुए प्रसवों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि उस निर्दयी महिला का पता लगाया जा सके जिसने इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान होते ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











